देहरादून। गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा, देहरादून के प्रचार-प्रसार एवं मार्केटिंग प्रकोष्ठ द्वारा जनसेवा एवं सामुदायिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जानकी देवी एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी (JDEWS) के सौजन्य से ओंकारेश्वर शिव मंदिर, मंदाकिनी विहार खाला, चिरोंवाली, देहरादून में एक निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सा परामर्श शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर के सफल आयोजन में जांकी देवी एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी की सचिव श्रीमती कविता चतुर्वेदी का विशेष सहयोग एवं महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिनके प्रयासों से क्षेत्रवासियों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाओं का लाभ सुलभ हो सका।
शिविर में क्षेत्र के बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने भाग लेकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया। शिविर के दौरान सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, रक्तचाप, मधुमेह की जांच, बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र परीक्षण, कान-नाक-गला (ईएनटी) संबंधी जांच एवं आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, योग, स्वच्छता तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने के प्रति जागरूक किया गया।
शिविर में डॉ. रवि कंसाल (जनरल फिजिशियन), डॉ. अमृत राज (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. समृद्धि शर्मा (महिला रोग एवं सामान्य चिकित्सक) तथा डॉ. ईशान चौधरी (ईएनटी विशेषज्ञ) ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया। नेत्र परीक्षण हेतु ऑप्टोमेट्री टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
शिविर में श्री पुनीत कुमार (नर्सिंग स्टाफ) ने स्वास्थ्य सेवाओं में सहयोग प्रदान किया, जबकि फार्मासिस्ट श्री दीपक कुमार ने चिकित्सकों के परामर्शानुसार मरीजों को निःशुल्क दवाओं का वितरण किया। शिविर के सफल संचालन में मार्केटिंग टीम के श्री आकाश कुशवाहा एवं श्री अंशुल धीमान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं श्री शिवा ने सहायक स्टाफ के रूप में व्यवस्थाओं का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया। शिविर के समन्वयक श्री सनी धीमान द्वारा संपूर्ण कार्यक्रम का सफल समन्वयन किया गया।
इस अवसर पर चिकित्सकों ने कहा कि अधिकांश बीमारियों की समय पर पहचान एवं उपचार से गंभीर जटिलताओं से बचा जा सकता है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराते रहना चाहिए तथा स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
अस्पताल प्रशासन के डॉ प्रशांत कुमार भटनागर (हेड मार्केटिंग एवं पब्लिसिटी) ने बताया कि गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल भविष्य में भी विभिन्न सामाजिक संस्थाओं एवं ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के सहयोग से ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन निरंतर करता रहेगा, ताकि गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाई जा सकें।

