उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिला चिकित्सालय में एक मरीज के साथ अभद्र व्यवहार एवं पैर से मारने की घटना में आरोपी कर्मचारी को उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के निर्देश पर मंगलवार को निलंबित कर दिया गया। राज्य सरकार द्वारा जारी एक बयान के मुताबिक सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में रायबरेली जिला अस्पताल में पिंकी नामक एक सफाईकर्मी द्वारा एक मरीज के साथ अमानवीय व्यवहार करते हुए पैर से मारने तथा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का मामला सामने आया था, जिसे गंभीरता से लेते हुए उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
बयान के अनुसार उप मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में रायबरेली जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर पुष्पेन्द्र कुमार ने आरोपी सफाईकर्मी पिंकी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। अधिकारियों के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान पिंकी को जिला चिकित्सालय के आयुष विभाग की ओपीडी से संबद्ध किया गया है। अधिकारियों के अनुसार प्रकरण की निष्पक्ष एवं समयबद्ध विभागीय जांच सुनिश्चित करने के लिए तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक आरोपी कर्मी का यह कृत्य कर्मचारी आचरण नियमावली, 1956 के प्रावधानों के प्रतिकूल पाया गया है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक (अनुशासन एवं अपील) नियमावली, 1999 के प्रावधानों के अंतर्गत संबंधित कर्मचारी के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।

