“अलविदा:भावभीनी श्रद्धांजलि”
दिनांक 11 जुलाई 2026 को आदरणीय डॉ. नवीन चन्द्र डिमरी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणबगड़, का असामयिक निधन हम सभी के लिए अत्यंत दुःखद, अपूरणीय एवं असहनीय क्षति है।
राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणबगड़ के प्रभारी चिकित्साधिकारी स्वर्गीय डॉ. नवीन चंद्र डिमरी को क्षेत्रवासियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके सम्मान में नारायणबगड़ बाजार के समस्त व्यापारियों एवं क्षेत्रीय जनता ने शोक व्यक्त करते हुए सुबह 11 बजे तक संपूर्ण बाजार बंद रखा।
डॉ. नवीन चन्द्र डिमरी एक उत्कृष्ट व्यक्तित्व, कुशल प्रशासक, संवेदनशील चिकित्सक तथा सरल एवं मिलनसार इंसान थे। उनके साथ बिताए गए पल और उनकी मधुर स्मृतियाँ सदैव हमारे हृदय में जीवित रहेंगी। उनके स्नेह, मार्गदर्शन और सेवा-भाव को कभी भुलाया नहीं जा सकता।
आज पूरा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नारायणबगड़ परिवार व श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने डॉ. डिमरी के सरल स्वभाव, समर्पित सेवा और मानवीय व्यवहार को याद करते हुए उन्हें एक उत्कृष्ट चिकित्सक बताया। उपस्थित लोगों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। ऐसा प्रतीत होता है मानो नारायणबगड़ की धड़कन ही थम गई हो। क्षेत्र की जनता के बीच उनकी लोकप्रियता, सेवा और सम्मान का वर्णन शब्दों में संभव नहीं है।
वे अपने पीछे अपनी धर्मपत्नी, छोटे से पुत्र तथा पूजनीय माताजी को छोड़ गए हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक-संतप्त परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें।
स्वर्गीय डॉ. डिमरी का अंतिम संस्कार चमोली घाट में पूरे सम्मान के साथ किया गया। उनकी असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग उन्हें लंबे समय तक एक सेवाभावी चिकित्सक के रूप में याद रखेंगे।

