ब्रेकिंग न्यूज़

“सीएम धामी का सख्त संदेश—लंबित शिकायतों पर अब नहीं चलेगी लापरवाही, हर अधिकारी होगा जवाबदेह।”

सीएम धामी की बड़ी कार्रवाई, 30 जुलाई को होगी सीएम हेल्पलाइन-1905 की हाई लेवल समीक्षा बैठक, सभी विभागों से मांगी गई लंबित शिकायतों की अपडेट रिपोर्ट।

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1905 पर दर्ज शिकायतों और संदर्भों के निस्तारण की समीक्षा के लिए 30 जुलाई 2026 को सुबह 11 बजे सचिवालय स्थित विश्वकर्मा भवन में उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। शासन ने सभी प्रमुख सचिवों, सचिवों और विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने विभागों में लंबित शिकायतों के वास्तविक निस्तारण की अद्यतन रिपोर्ट के साथ बैठक में उपस्थित हों।

बैठक में 17 अप्रैल 2026 को मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की जाएगी। सरकारी दस्तावेजों के अनुसार मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि 180 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, प्रत्येक विभाग नियमित समीक्षा करे और हर माह की 5 तारीख तक मुख्यमंत्री कार्यालय को रिपोर्ट भेजी जाए।

मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि समय सीमा में शिकायतों का समाधान न करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। किसी भी शिकायत को फोर्स क्लोज़ करने से पहले सक्षम अधिकारी की अनुमति अनिवार्य होगी। साथ ही कॉल सेंटर कर्मचारियों को आमजन से संवेदनशील व्यवहार का प्रशिक्षण देने, शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेने और पोर्टल पर प्रभावी मॉनिटरिंग सिस्टम विकसित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के रिकॉर्ड के अनुसार, सीएम हेल्पलाइन-1905 पर 1,19,077 शिकायतें दर्ज हुई थीं। इनमें बड़ी संख्या का निस्तारण हो चुका है, लेकिन 11,949 शिकायतें अभी भी लंबित हैं, जिनके शीघ्र समाधान पर मुख्यमंत्री ने विशेष जोर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *