वारंटियों पर दून पुलिस का शिकंजा, दो दिनों में 15 फरार अभियुक्त गिरफ्तार !
देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून के निर्देश पर जनपद पुलिस ने फरार वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पिछले दो दिनों के भीतर दून पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 15 गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी देहरादून ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिलेभर में विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने लगातार दबिश देकर लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को उनके संभावित ठिकानों से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई की।
गिरफ्तार किए गए वारंटियों में हरीश रावत निवासी केदारपुरम, साहिल उर्फ बौना निवासी कोटा नवादा, वीरेंद्र सिंह राणा निवासी मोहकमपुर, विजेंद्र लाखेड़ा निवासी मोथरोवाला, अजय उर्फ जय निवासी रिस्पना पुल, लाल जीत निवासी परवल, सुनील कुमार उर्फ गुज्जर, अजय निवासी बाबूगढ़ विकासनगर, खुर्शीद अहमद, इनाम, साहिल निवासी आईएसबीटी क्षेत्र, शाहिद अहमद, जावेद, तौसीफ निवासी बिहारीगढ़ सहारनपुर तथा महेश अधिकारी निवासी बंजारावाला शामिल हैं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी किए गए थे और वे लंबे समय से गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहे थे। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए सभी 15 वारंटियों को गिरफ्तार कर लिया।
दून पुलिस का कहना है कि न्यायालय के आदेशों का पालन कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। ऐसे सभी फरार वारंटियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार का अभियान जारी रहेगा। जो आरोपी न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करेंगे या गिरफ्तारी से बचने का प्रयास करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी देहरादून ने अभियान में शामिल सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए निर्देश दिए हैं कि फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रखी जाए, ताकि कानून व्यवस्था मजबूत रहे और आम जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास बना रहे।
दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अपराधियों, वारंटियों और कानून से बचने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह का अभियान लगातार जारी रहेगा।
रिपोर्ट: महिपाल सिंह नेगी
नंदा न्यूज: देहरादून:::

