“पितांबरपुर साईं इंक्लेव में शान से लहराया तिरंगा, पूर्व सैनिकों और कॉलोनीवासियों ने मनाया स्वतंत्रता दिवस”
“तिरंगे की शान में एकजुट हुआ साईं इंक्लेव, अमर शहीदों को नमन कर बांटी मिठाई”
देहरादून। देश आजादी के 80वें स्वतंत्रता दिवस के जश्न में डूबा हुआ है। देहरादून के वार्ड नंबर 92 स्थित पितांबरपुर साईं इंक्लेव में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कॉलोनीवासियों ने सामूहिक रूप से ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी और एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में कॉलोनी के अध्यक्ष जयबीर सिंह राणा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, मातृशक्ति, वरिष्ठ नागरिक और सम्मानित बुद्धिजीवी मौजूद रहे। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर नजर आया।
इस दौरान विशेष रूप से पूर्व सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और खास बना दिया। कैप्टन बुद्धिबल्लभ जोशी, कैप्टन श्रीधर जोशी, कैप्टन सुशील सिंह चौहान और कैप्टन हुकम सिंह बिष्ट समेत कई पूर्व सैनिक कार्यक्रम में शामिल हुए। पूर्व सैनिकों ने तिरंगे के सम्मान के साथ देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
कार्यक्रम में मौजूद कॉलोनीवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं। महिलाओं और बच्चों में भी खासा उत्साह दिखाई दिया। बड़ी संख्या में मातृशक्ति ने कार्यक्रम में भागीदारी करते हुए देशभक्ति के इस पर्व को पूरे उत्साह के साथ मनाया।
ध्वजारोहण के बाद कॉलोनीवासियों की ओर से मिष्ठान वितरण भी किया गया। लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की खुशहाली, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
इस मौके पर आनंद सिंह गढ़िया, भागवत सिंह बिष्ट समेत कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कॉलोनी अध्यक्ष जयबीर सिंह राणा ने सभी कॉलोनीवासियों और देशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आजादी का यह पर्व हमें उन वीर सपूतों के त्याग और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने लोगों से राष्ट्रहित और समाजहित में एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
पितांबरपुर साईं इंक्लेव में आयोजित यह कार्यक्रम सिर्फ ध्वजारोहण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसमें देशभक्ति, सामाजिक एकता और शहीदों के सम्मान की भावना भी साफ नजर आई। तिरंगे के नीचे कॉलोनीवासियों का यह सामूहिक उत्सव स्वतंत्रता दिवस के राष्ट्रीय पर्व की गरिमा को और बढ़ाता नजर आया।
नंदा न्यूज के लिए महिपाल सिंह नेगी की रिपोर्ट।
देश-दुनिया और देवभूमि उत्तराखंड से जुड़ी ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज।

