ब्रेकिंग न्यूज़

“देहरादून में रातभर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान”

“देहरादून में रातभर पुलिस का सघन चेकिंग अभियान”

“सीमाओं से लेकर भीड़भाड़ वाले इलाकों तक पुलिस अलर्ट, संदिग्धों पर पैनी नजर”

देहरादून पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर शनिवार रात पूरे जनपद में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस की टीमें जनपद की सभी सीमाओं, प्रमुख प्रवेश मार्गों और आंतरिक मार्गों पर लगातार चेकिंग कर रही हैं। बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों और व्यक्तियों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध पाए जाने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और सत्यापन से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है।

वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टेशनों और भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। इन स्थानों पर पुलिस की ओर से आकस्मिक चेकिंग और प्रभावी गश्त की जा रही है। सुरक्षा जांच के दौरान डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की टीमों की भी मदद ली जा रही है।

रात्रि चेकिंग के दौरान पुलिस की विशेष नजर संदिग्ध रूप से घूमने वाले व्यक्तियों और वाहनों पर है। पुलिस टीमों द्वारा मौके पर ही आवश्यक पूछताछ और सत्यापन की कार्रवाई की जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।

एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर नगर और देहात क्षेत्र में पुलिस की गश्त और चेकिंग लगातार जारी है। अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई का उद्देश्य जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। रात के समय सड़कों से लेकर सार्वजनिक स्थलों तक पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता साफ नजर आ रही है।

नंदा न्यूज के लिए रिपोर्ट।

“देवभूमि की हर खबर, सबसे पहले और सबसे भरोसेमंद अंदाज में।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *