“बस का पीछा करने के बाद हुआ विवाद, गुस्से में चालक ने बस ड्राइवर पर चढ़ा दी थार; पुलिस ने आरोपी को दबोचकर वाहन किया बरामद”
रायवाला/देहरादून।
मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस चालक को थार वाहन से कुचलने के प्रयास के मामले में रायवाला पुलिस ने फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अगस्त 2026 को स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय जौलीग्रांट की बस छात्रों और महिला स्टाफ को लेकर हरिद्वार जा रही थी। नेपाली फार्म के पास एक काले रंग की थार बस के आगे-पीछे चलती रही। मोतीचूर फ्लाईओवर पर बस रुकने के बाद बस चालक ने थार चालक से इस तरह पीछा करने का कारण पूछा।
आरोप है कि कहासुनी के दौरान थार चालक ने तैश में आकर वाहन बस चालक के ऊपर चढ़ाने का प्रयास किया। इस दौरान बस चालक को वाहन ने कुछ दूरी तक घसीटा, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। थार चालक ने भागने के दौरान एक अन्य मारुति सियाज कार को भी टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर रायवाला पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीमों ने मेरठ और दिल्ली क्षेत्र में दबिश दी। इसी बीच सूचना मिली कि आरोपी ऋषिकेश कोर्ट में सरेंडर करने के लिए जा रहा है। पुलिस ने 19 अगस्त को बहादराबाद तिराहे स्थित गुरु नानक ढाबे के पास से देव चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि थार उसके पिता के दोस्त संदीप कुमार के नाम पंजीकृत है और वह वर्ष 2022 से इसे चला रहा है। घटना के बाद उसने थार को न्यू शिवालिक नगर स्थित अपने घर में खड़ा किया और पुलिस से बचने के लिए मेरठ चला गया था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान देव चौधरी पुत्र गुड्डू चौधरी उर्फ विकास चौधरी, निवासी टिहरी विस्थापित कॉलोनी, न्यू शिवालिक नगर, हरिद्वार, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त थार वाहन संख्या UK-06-BD-0070 बरामद किया है। मामले में रायवाला कोतवाली में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम: उपनिरीक्षक रघुबीर कपरवान, हेड कांस्टेबल राजीव यादव, कांस्टेबल दीपक कुमार और कांस्टेबल विकास कुमार।

