ब्रेकिंग न्यूज़

“सड़क पर गाड़ी हटाने को लेकर भिड़े तीन युवक, पिस्टल और डंडे से हुआ विवाद”

सड़क पर गाड़ी हटाने को लेकर भिड़े तीन युवक, पिस्टल और डंडे से हुआ विवाद

देहरादून। प्रेमनगर क्षेत्र में सड़क पर वाहन हटाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और हथियारों के प्रदर्शन तक पहुंच गया। नेक्स्ट हॉस्टल के पास सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग और मारपीट करने के मामले में प्रेमनगर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, डंडा और घटना में इस्तेमाल फॉर्च्यूनर कार बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, 21 अगस्त की रात कंट्रोल रूम से नेक्स्ट हॉस्टल के पास कुछ लोगों के बीच मारपीट और हंगामे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में सड़क पर एक बस और फॉर्च्यूनर खड़ी दिखाई दी, जबकि उनके पास दो लोग आपस में भिड़ते नजर आए। एक के हाथ में डंडा और दूसरे के हाथ में पिस्टल थी।

हाई बीम लाइट को लेकर शुरू हुआ विवाद

जांच में सामने आया कि बस चालक गौरव अपने वाहन से घर की ओर जा रहा था। नेक्स्ट हॉस्टल के पास फॉर्च्यूनर सड़क पर हाई बीम लाइट के साथ खड़ी थी। गौरव ने हॉर्न देकर वाहन हटाने को कहा, लेकिन गाड़ी नहीं हटाई गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।

आरोप है कि गौरव ने बस से डंडा निकालकर फॉर्च्यूनर चालक पर वार कर दिया। इसके बाद फॉर्च्यूनर चालक के साथी भी मौके पर पहुंचे और पिस्टल दिखाकर गौरव को धमकाने के साथ गाली-गलौज व मारपीट की।

अस्पताल से दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने गौरव को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने फॉर्च्यूनर सवार दोनों युवकों की पहचान नीरज राजपूत और मनीष नेगी के रूप में की। दोनों के उपचार के लिए ग्राफिक एरा अस्पताल जाने की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने नीरज राजपूत के नाम पर लाइसेंसी 32 बोर पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए। घटना में इस्तेमाल डंडा और फॉर्च्यूनर कार भी पुलिस ने कब्जे में ले ली है।

तीनों के खिलाफ सार्वजनिक स्थान पर मारपीट, हुड़दंग कर शांति व्यवस्था भंग करने, घातक हथियार का प्रदर्शन करने और लाइसेंसी हथियार के दुरुपयोग समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पिस्टल का लाइसेंस होगा निरस्त

पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल का सार्वजनिक विवाद में इस्तेमाल किए जाने को गंभीरता से लिया है। आरोपी नीरज राजपूत के शस्त्र लाइसेंस के निरस्तीकरण की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव निवासी प्रेमनगर, मनीष नेगी निवासी मांडूवाला और नीरज राजपूत निवासी भाऊवाला के रूप में हुई है। कार्रवाई में प्रेमनगर पुलिस की टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *