*24 घंटे में वाहन चोरी का खुलासा, शातिर चोर गिरफ्तार*
*नशे की लत पूरी करने के लिए चुराई थी बाइक, पार्ट्स बेचने से पहले पुलिस ने दबोचा*
विकासनगर। कोतवाली विकासनगर पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। पूछताछ में आरोपी ने नशे की लत और अपनी अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए बाइक चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार, जुडली, आदूवाला निवासी सुनील कुमार ने 23 अगस्त को कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि 22 अगस्त की रात उनके घर से मोटरसाइकिल संख्या UK-16-E-8820 चोरी हो गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
घटना के शीघ्र खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
पुलिस की जांच और सुरागरसी के बाद 24 अगस्त की सुबह हरबर्टपुर-विकासनगर स्थित अतिथि फार्म हाउस के सामने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मौ. मुकीम उर्फ मक्की (29) पुत्र अलाउद्दीन, निवासी बड़ा रामपुर, शंकरपुर, कोतवाली सहसपुर, देहरादून को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह नशे का आदी है और नशे तथा अन्य जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने बाइक चोरी की थी। आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल के पार्ट्स निकालकर उन्हें बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल UK-16-E-8820 बरामद कर ली है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मयंक त्यागी, चौकी प्रभारी हरबर्टपुर, हेड कांस्टेबल राजेंद्र बर्त्वाल और पीआरडी ऋतिक शामिल रहे।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल चोरी गई बाइक बरामद हो गई, बल्कि आरोपी के उसे कबाड़ अथवा पार्ट्स के रूप में बेचने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ जाने से वाहन चोरी के मामले का भी शीघ्र खुलासा हो गया!

