ब्रेकिंग न्यूज़

ऋषिकेश में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, चार तस्कर गिरफ्तार,

ऋषिकेश में नशे के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, चार तस्कर गिरफ्तार

 

559 ग्राम चरस, 40 लीटर कच्ची शराब और 20 टेट्रा पैक बरामद; तस्करी में प्रयुक्त बाइक सीज

 

ऋषिकेश। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऋषिकेश पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 559 ग्राम अवैध चरस, 40 लीटर कच्ची शराब और 20 टेट्रा पैक देशी शराब बरामद की है। चरस की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक अपाचे मोटरसाइकिल को भी पुलिस ने सीज कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद में मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में ऋषिकेश कोतवाली की पुलिस टीमों ने थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की।

*आईडीपीएल में दो चरस तस्कर दबोचे*

गोल चक्कर आईडीपीएल क्षेत्र में पुलिस ने धनवीर चंद रमोला (30) निवासी प्रतापनगर, टिहरी गढ़वाल को 308 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया। वहीं, विकास भट्ट (35) निवासी लक्कड़घाट विस्थापित, ऋषिकेश को 251 ग्राम चरस के साथ पकड़ा गया। पुलिस ने विकास भट्ट के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल संख्या UK-14-H-4281 भी बरामद कर सीज कर दी।

*40 लीटर कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार*

दूसरी कार्रवाई में श्रीराम टाइल्स वाली गली क्षेत्र से पुलिस ने बूटा सिंह (26) निवासी गुमानीवाला, श्यामपुर को 40 लीटर कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। इसी स्थान से रवि (40) निवासी शांतिनगर को 20 टेट्रा पैक अवैध शराब के साथ पकड़ा गया।

चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब आरोपियों से नशे और अवैध शराब की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

दून पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *