ब्रेकिंग न्यूज़

टपकेश्वर शोभायात्रा को लेकर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन, 26 अगस्त को कई मार्गों पर रहेगा यातायात प्रभावित

टपकेश्वर शोभायात्रा को लेकर देहरादून में ट्रैफिक डायवर्जन, 26 अगस्त को कई मार्गों पर रहेगा यातायात प्रभावित

 

देहरादून। 26 अगस्त को शिवाजी धर्मशाला से श्री टपकेश्वर महादेव मंदिर तक प्रस्तावित शोभायात्रा को देखते हुए देहरादून पुलिस ने शहर के यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। शोभायात्रा सुबह 10 बजे शिवाजी धर्मशाला से रवाना होगी और सहारनपुर चौक, झंडा बाजार, पलटन बाजार, घंटाघर, बिंदाल, कैंट क्षेत्र, डाकरा बाजार और गढ़ी कैंट चौक होते हुए टपकेश्वर मंदिर पहुंचेगी।

शोभायात्रा के आगे बढ़ने के साथ शहर के अलग-अलग हिस्सों में यातायात को आवश्यकता के अनुसार डायवर्ट किया जाएगा। शिवाजी धर्मशाला से शोभायात्रा के रवाना होने पर निरंजनपुर मंडी, लालपुल और मातावाला बाग कट से सहारनपुर चौक की ओर आने वाले वाहनों को जीएमएस रोड की ओर भेजा जाएगा। वहीं प्रिंस चौक और रेलवे स्टेशन की ओर से आने वाले यातायात को रोक-रोककर आगे बढ़ाया जाएगा।

सहारनपुर चौक के नजदीक पहुंचने से पहले बल्लीवाला और लक्ष्मण चौक की ओर से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। बल्लीवाला से वाहनों को कमला पैलेस और लक्ष्मण चौक से पार्क रोड की ओर भेजने की व्यवस्था रहेगी। शोभायात्रा के झंडा बाजार में प्रवेश करने और सहारनपुर चौक पर यातायात सामान्य होने के बाद संबंधित डायवर्जन हटाए जाएंगे।

घंटाघर पहुंचने पर चकराता रोड की ओर जाने वाले यातायात को दिलाराम चौक की तरफ से वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। बल्लूपुर की ओर से आने वाले वाहनों को भी यातायात दबाव के अनुसार किशननगर चौक, बिंदाल चौकी कट और कैंट क्षेत्र होते हुए दिलाराम चौक की ओर डायवर्ट किया जा सकता है।

शोभायात्रा का पिछला हिस्सा बिंदाल कट पार करने के बाद संबंधित यातायात व्यवस्थाएं सामान्य कर दी जाएंगी। इसके बाद शोभायात्रा के पोस्ट ऑफिस क्षेत्र में पहुंचने पर वाटिका तिराहे से आने वाले वाहनों को आकाशगंगा तिराहे होते हुए पोस्ट ऑफिस की ओर भेजा जाएगा, जबकि पोस्ट ऑफिस से वाटिका तिराहे की ओर जाने वाले यातायात को रोक-रोककर संचालित किया जाएगा। शोभायात्रा का पिछला हिस्सा डाकरा रोड पार करने के बाद यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य कर दी जाएगी।

इन स्थानों पर रहेगा विशेष डायवर्जन: पटेलनगर मंडी, बल्लीवाला चौक, मातावाला बाग तिराहा, बल्लूपुर चौक, कौलागढ़ चौक, दर्शनलाल चौक, प्रिंस चौक और घंटाघर को बैरियर/डायवर्जन प्वाइंट के रूप में चिह्नित किया गया है।

पुलिस के अनुसार आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों को आवश्यकतानुसार रास्ता दिया जाएगा। साथ ही वाहन चालकों से अपील की गई है कि 26 अगस्त को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक घंटाघर, चकराता रोड और बल्लूपुर से घंटाघर मार्ग का अनावश्यक इस्तेमाल न करें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।

शोभायात्रा के मद्देनजर सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक सभी प्रकार के लोडिंग वाहनों का शहर क्षेत्र में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि शोभायात्रा के निर्धारित मार्गों पर अनावश्यक आवाजाही से बचें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *