देहरादून। रायपुर थाना क्षेत्र के रक्षा विहार, चूना भट्टा में युवक की हत्या के मामले में दून पुलिस ने फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को मुखबिर की सूचना पर चूना भट्टा स्थित बस अड्डे के पास से दबोचा गया। इस मामले में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार 22 अगस्त की रात रक्षा विहार, चूना भट्टा क्षेत्र में कुछ युवकों के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के बाद हुई मारपीट में मोहम्मद इफ्तियार घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। मृतक के भाई नजरे आलम की तहरीर पर थाना रायपुर में हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले अनस, आरिस और जावेद को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार सुद्धोवाला भेज दिया गया।

जांच और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान घटना में कुछ अन्य युवकों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 25 अगस्त को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर तल्हा उर्फ कैफ पुत्र मोहम्मद इरफान, निवासी रक्षा विहार, रायपुर तथा अबू बसर पुत्र मोहम्मद खालिद, निवासी मोहल्ला हसनपुर बस्सी, कीरतपुर, जिला बिजनौर को चूना भट्टा बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
*गिरफ्तार आरोपी:*
1. तल्हा उर्फ कैफ पुत्र मोहम्मद इरफान, निवासी रक्षा विहार, रायपुर।
2. अबू बसर पुत्र मोहम्मद खालिद, निवासी मोहल्ला हसनपुर बस्सी, कीरतपुर, जिला बिजनौर।
“पहले गिरफ्तार आरोपी: अनस, आरिस और जावेद”।

