ब्रेकिंग न्यूज़

“राजकीय सम्मान के साथ मुख्य आरक्षी बालम सिंह राणा को अंतिम विदाई”

पुलिस लाइन देहरादून में एसएसपी समेत अधिकारियों और कर्मचारियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

देहरादून। जनपद देहरादून पुलिस में तैनात मुख्य आरक्षी बालम सिंह राणा के आकस्मिक निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर है। 26 अगस्त को हृदयघात के चलते उनका निधन हो गया। गुरुवार को पुलिस लाइन देहरादून में उनके पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी गईइस दौरान एसएसपी देहरादून सहित पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत जवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। एसएसपी ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने ईश्वर से परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।

मूल रूप से उत्तरकाशी जनपद के रहने वाले बालम सिंह राणा वर्तमान में रायपुर क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। पुलिस विभाग के अनुसार वे अपने सौम्य और शालीन व्यवहार के साथ-साथ कर्तव्य के प्रति संवेदनशीलता और समर्पण के लिए जाने जाते थे।

बालम सिंह राणा वर्ष 1997 में आरक्षी के पद पर पुलिस विभाग में भर्ती हुए थे। वर्ष 2022 में उन्हें मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति मिली और वर्ष 2024 से वे जनपद देहरादून में तैनात थे। लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने पुलिस विभाग में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया।

उनके निधन को पुलिस परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *