बहला-फुसलाकर शराब पिलाने के बाद वारदात का आरोप, पुलिस ने साक्ष्य जुटाकर तीन युवकों को दबोचा
ऋषिकेश। कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रुड़की निवासी शिवम उर्फ शुभम (19), गोविन्द (21) और दीपक उर्फ डीपी (20) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, नाबालिग अपनी एक परिचित युवती के साथ आईडीपीएल क्षेत्र में गई थी। आरोप है कि वहां कुछ युवकों ने दोनों को बहला-फुसलाकर शराब पिलाई। इसके बाद नाबालिग के अत्यधिक नशे में होने का फायदा उठाकर उसके साथ यौन अपराध किया गया।
परिजनों की तहरीर पर कोतवाली ऋषिकेश में तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने पूछताछ, साक्ष्य संकलन और अन्य तथ्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो अधिनियम की गंभीर धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
मामले में कोतवाली ऋषिकेश के प्रभारी निरीक्षक यशपाल सिंह बिष्ट के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक राजकुमार, महिला उपनिरीक्षक ज्योति और कांस्टेबल सौरभ वालिया की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने मामले को महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता के साथ लेते हुए त्वरित कार्रवाई की है।

