ब्रेकिंग न्यूज़

“चकले के पीछे छिपाकर रखी थी स्मैक, सर्च वारंट के साथ पहुंची पुलिस तो खुला राज”

एनडीपीएस मामलों में वांछित महिला हिस्ट्रीशीटर 6.98 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार, पहले भी जा चुकी है जेल

विकासनगर। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विकासनगर पुलिस ने एक महिला हिस्ट्रीशीटर को 6.98 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला की पहचान परवीन उर्फ पिन्नो (60), पत्नी इसरार, निवासी कुंजाग्रांट के रूप में हुई है। उसके खिलाफ मादक पदार्थों की तस्करी, चोरी समेत विभिन्न धाराओं में पहले से आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पूर्व में भी जेल जा चुकी है।

पुलिस कार्रवाई की शुरुआत पूर्व में स्मैक के साथ पकड़े गए दो आरोपियों से हुई पूछताछ से हुई। विकासनगर पुलिस ने 11 जुलाई को दिलदार को 8.08 ग्राम तथा 3 सितंबर को आशिफ को 10.28 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में दोनों ने कथित तौर पर स्मैक परवीन उर्फ पिन्नो से खरीदने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने मामले में महिला की भूमिका की जांच शुरू की और उसके घर की तलाशी के लिए न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त किया।

सर्च वारंट की कार्रवाई में खुला छिपाकर रखी स्मैक का राज

7 सितंबर को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पुलिस टीम ने महिला के कुंजाग्रांट स्थित घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पुलिस को रोटी बनाने वाले चकले के पीछे छिपाकर रखी 6.98 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने महिला को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया।

पूछताछ में सामने आई तस्करी की कड़ी

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में महिला ने जुलाई में दिलदार को स्मैक बेचने और उसके गिरफ्तार होने के बाद अपना नाम पुलिस के सामने आने की जानकारी मिलने की बात स्वीकार की। पुलिस का कहना है कि कुछ समय तक उसने गतिविधियां रोक दीं, लेकिन मामला शांत होने का अंदेशा होने पर दोबारा कथित रूप से स्मैक की बिक्री शुरू कर दी। कुछ दिन पहले आशिफ को भी उसके घर से स्मैक बेचने की बात पूछताछ में सामने आई है।

आठ मुकदमों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार परवीन उर्फ पिन्नो के खिलाफ विकासनगर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट, चोरी और अन्य आपराधिक धाराओं के कुल आठ मामले दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2018, 2019, 2023 और 2026 के मामले शामिल हैं। पुलिस अब उसके संपर्क में रहे अन्य लोगों और नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई करने वाली टीम में चौकी प्रभारी डाकपत्थर उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक सनोज कुमार, महिला उपनिरीक्षक रूबी सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार ग्यारू दत्त जोशी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *