होटल-ढाबों से लेकर प्रमुख मार्गों तक सघन चेकिंग, सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने-पिलाने वाले 5 लोगों पर चालानी कार्रवाई
रुद्रप्रयाग। जनपद में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस ने शाम से लेकर देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में 18 सितंबर की शाम और रात्रि में विभिन्न थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों और प्रमुख मार्गों पर व्यापक निगरानी की।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों तथा होटल-ढाबों में शराब पीने-पिलाने वालों पर पुलिस ने कार्रवाई की। ऐसे 5 व्यक्तियों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ भी नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने साफ किया है कि नशे में वाहन चलाने वालों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल चालक की जिंदगी को खतरे में डालता है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य वाहन चालकों, यात्रियों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
#पुलिस की लोगों से अपील
पुलिस ने आमजन से नशे का सेवन कर वाहन न चलाने, सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन न करने तथा यातायात नियमों और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अपनी और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने तथा सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने में सहयोग करने को कहा है।
नंदा न्यूज़ के लिए — रुद्रप्रयाग से रिपोर्ट।

