ब्रेकिंग न्यूज़

“सिद्धू गैंग” महंगे शौकों के लिए नशे का कारोबार, सलाखों के पीछे पहुंचे 6 छात्र,

दिल्ली के कथित ‘सिद्धू गैंग’ के पैडलर बताए जा रहे आरोपियों से 44.61 ग्राम MDMA बरामद, कीमत करीब 4.50 लाख रुपये; कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे ड्रग्स

देहरादून। महंगे शौक पूरे करने के लिए नशे के कारोबार में उतरने वाले छह युवकों को दून पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार सभी आरोपी तकनीकी शिक्षा से जुड़े हैं और देहरादून समेत अन्य राज्यों के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में कोर्स कर रहे थे। पुलिस ने इनके कब्जे से कुल 44.61 ग्राम अवैध MDMA ड्रग्स, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4.50 लाख रुपये बताई गई है, बरामद की है।

यह कार्रवाई थाना राजपुर और एएनटीएफ देहरादून की संयुक्त टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 22 सितंबर की रात की।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर टीम ने ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाई रिजॉर्ट के पास एक कार को रोका। कार में सवार चार युवकों—वेदांत चौहान, रचित शर्मा, श्रीकांत ममगाई और चिराग रस्तोगी—को 27.12 ग्राम MDMA के साथ गिरफ्तार किया गया।

इसी अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सहस्त्रधारा हेलीपैड के पास से अभिषेक थापा और वैभव ममगाई को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 17.49 ग्राम MDMA बरामद हुई। इस तरह दोनों स्थानों से कुल 44.61 ग्राम MDMA पुलिस के हाथ लगी।

#पूछताछ में सामने आया दिल्ली कनेक्शन

पुलिस के अनुसार पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर रहते हैं और तकनीकी शिक्षा से जुड़े कोर्स कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि सभी आरोपी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ उर्फ सिद्धू के लिए काम करते थे और उसके गैंग के पैडलर के रूप में MDMA की सप्लाई करते थे।

पुलिस के मुताबिक सिद्धू या उसके एजेंट समय-समय पर देहरादून पहुंचकर आरोपियों को MDMA उपलब्ध कराते थे। कभी-कभी आरोपी खुद दिल्ली, पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में जाकर भी कथित तौर पर ड्रग्स लेकर देहरादून आते थे।

#कॉलेज छात्रों को निशाना बनाने का आरोप

जांच में पुलिस के अनुसार यह भी सामने आया कि आरोपी MDMA को खास तौर पर कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचते थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी अच्छे परिवारों से हैं और उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे थे, लेकिन महंगे शौक पूरे करने के लिए कथित तौर पर नशे के अवैध कारोबार में शामिल हो गए।पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच शुरू कर दी है।

#NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना राजपुर में धारा 8/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग अभियोग दर्ज किए हैं। बरामद MDMA के अलावा पुलिस ने UK 07 DE 4167 नंबर की इग्निस कार और 12 पॉलीथिन पैकेट भी कब्जे में लिए हैं।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री की ‘ड्रग्स फ्री देवभूमि’ की परिकल्पना के तहत नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में की गई। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क और सप्लाई चेन से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी है।

गिरफ्तार आरोपी: वेदांत चौहान (21), रचित शर्मा (21), श्रीकांत ममगाई (22), चिराग रस्तोगी (24), अभिषेक थापा (21) और वैभव ममगाई (21)

नन्दा न्यूज:देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *