ब्रेकिंग न्यूज़

थराली में गरजी कांग्रेस! तहसील परिसर में धरना, सड़कों से स्वास्थ्य तक सरकार पर सीधा हमला,

कसबीनगर-विनायकधार-गैरसैंण मोटरमार्ग निर्माण की मांग ने पकड़ा जोर, पूर्व विधायक डॉ. जीतराम बोले—जनता की अनदेखी बर्दाश्त नहीं,

चमोली। थराली विधानसभा क्षेत्र की लंबित समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस ने तहसील परिसर में जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक डॉ. जीतराम के नेतृत्व में थराली, नारायणबगड़ और देवाल क्षेत्र से जुटे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।

धरना प्रदर्शन के दौरान बहुप्रतीक्षित कसबीनगर-विनायकधार-गैरसैंण मोटरमार्ग का मुद्दा केंद्र में रहा। कांग्रेस ने सरकार से इस मोटरमार्ग के निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने की मांग की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि लंबे समय से उठाई जा रही इस मांग पर ठोस कार्रवाई नहीं होने से क्षेत्र की जनता में नाराजगी है।

“सड़क-स्वास्थ्य व्यवस्था पर कांग्रेस का सरकार पर वार”

पूर्व विधायक डॉ. जीतराम ने महंगाई और बेरोजगारी के साथ ही थराली विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए कई वादे अब तक धरातल पर नहीं उतर पाए हैं।

उन्होंने क्षेत्र की खराब सड़कों और स्वास्थ्य सेवाओं में विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर उपचार और जांच के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। अल्ट्रासाउंड जैसी आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध न होने का मुद्दा भी उन्होंने प्रमुखता से उठाया।

डॉ. जीतराम ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े सवालों को लेकर लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो पार्टी आंदोलन को और व्यापक रूप देगी।

SDM को सौंपा ज्ञापन, जिलाधिकारी तक पहुंचाई मांग,

धरना प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व विधायक डॉ. जीतराम के नेतृत्व में उपजिलाधिकारी थराली को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र की सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान की मांग की गई। साथ ही SDM के माध्यम से जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन भेजकर कसबीनगर-विनायकधार-गैरसैंण मोटरमार्ग के निर्माण की मांग प्रमुखता से रखी गई।

कांग्रेस नेता संदीप पटवाल ने भी सरकार पर क्षेत्र की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में आम लोगों को इलाज के लिए सैकड़ों किलोमीटर दूर जाना पड़ रहा है।

धरना प्रदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष विनोद रावत, कमल गड़िया, नरेंद्र रावत, पूर्व प्रमुख सुशील रावत, कनिष्ठ प्रमुख राजेश चौहान, नगर अध्यक्ष अब्बल सिंह गुंसाई, महावीर बिष्ट, बिजेंद्र रावत, प्रविन्द्र सिंह नेगी, देवी दत्त कुनियाल और प्रदीप दानू समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्टिंग — महिपाल सिंह नेगी, चमोली

नन्दा न्यूज : थराली

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *