दून पुलिस का सत्यापन अभियान जारी, दुकानों की जांच में सामने आया मामला; नियमों की अनदेखी करने वालों को सख्त चेतावनी
देहरादून, 28 सितंबर 2026।
अवैध गतिविधियों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस ने विकासनगर क्षेत्र में मांस की दुकानों और प्रतिष्ठानों का सत्यापन एवं जांच अभियान चलाया। इस दौरान बिना वैध लाइसेंस अथवा सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के मांस का विक्रय और भंडारण किए जाने का मामला सामने आया।
कोतवाली विकासनगर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को हिरासत में लिया और उसके विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक संबंधित व्यक्ति बिना आवश्यक लाइसेंस/अनुमति के मांस का विक्रय एवं भंडारण करता पाया गया था।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध रूप से पशु कटान, मांस के विक्रय अथवा भंडारण पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है। एसएसपी देहरादून के निर्देशों के क्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार चेकिंग और सत्यापन अभियान चला रही हैं।
***एक दिन पहले भी तीन लोगों पर हुई थी कार्रवाई***
विकासनगर क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाई का यह सिलसिला नया नहीं है। पुलिस के अनुसार इससे पहले 27 सितंबर 2026 को भी बिना वैध लाइसेंस/अनुमति के पशु मांस का विक्रय करने के मामले में तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर वैधानिक कार्रवाई की गई थी।
पुलिस ने मांस विक्रेताओं और संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि सक्षम प्राधिकारी से आवश्यक लाइसेंस और अनुमति प्राप्त किए बिना मांस का विक्रय या भंडारण न किया जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
***हिरासत में लिया गया व्यक्ति***
पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान इलियास उर्फ परवेज, पुत्र ताहीर, निवासी बस स्टैंड जीवनगढ़, कोतवाली विकासनगर, देहरादून, उम्र 38 वर्ष के रूप में हुई है।
***पुलिस टीम***
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सतेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी डाकपत्थर, कांस्टेबल दिनेश बाबू और कांस्टेबल पदम सिंह शामिल रहे।
दून पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून
नंदा न्यूज़ — नंदान्यूज.in

