ब्रेकिंग न्यूज़

सरकारी ट्यूबवेलों पर चोर गिरोह का धावा, दून पुलिस ने तीन शातिर दबोचे,

नशे की लत पूरी करने के लिए सरकारी केबल काटकर निकालते थे तांबा, ई-रिक्शा समेत चोरी का सामान और केबल कटर बरामद

देहरादून। सरकारी ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर बिजली की केबल चोरी करने वाले गिरोह का नेहरू कॉलोनी पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से चोरी की गई केबल, केबल से निकाला गया तांबा, केबल कटर, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

मामला 28 सितंबर का है। उत्तराखंड जल संस्थान के सहायक अभियंता नीरज कुमार शर्मा ने नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर देकर बताया था कि गणेश विहार कब्रिस्तान, अजबपुर और विष्णु विहार हरिद्वार बाईपास स्थित सरकारी ट्यूबवेलों से अज्ञात चोरों ने केबल चोरी कर ली। केबल चोरी होने से संबंधित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 402/2026, धारा 303(2), 317(2) और 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया।

“सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र से खुला सुराग”

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम ने जांच तेज की। घटनास्थलों और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इसके साथ ही स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए पूर्व में इस तरह की घटनाओं में सामने आए आरोपियों की भी जानकारी जुटाई गई।

पुलिस की लगातार सुरागरसी के दौरान 29 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सरकारी ट्यूबवेलों से चोरी की गई केबल को बेचने की फिराक में तीन आरोपी अजबपुर फ्लाईओवर के पास ई-रिक्शा में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और ई-रिक्शा में सवार तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

“कई इलाकों में चोरी की वारदातें कबूलीं”

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने गणेश विहार, विष्णु विहार, मोथोरोवाला, पटेल नगर और रायपुर क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों से बिजली की केबल चोरी करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी की केबल से तांबा निकालकर उसे अलग-अलग कबाड़ियों को थोड़ी-थोड़ी मात्रा में बेचते थे और उससे मिलने वाली रकम से नशे की जरूरत पूरी करते थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सिंह (26), विक्रम साहनी (22) और अजय साहनी (22) के रूप में हुई है।

#ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग घटनाओं में चोरी की गई करीब 4.300 किलोग्राम कटी हुई केबल, केबल से निकाला गया तांबा, दो केबल कटर, घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा संख्या UK-07-TE-9387 और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।

***पुलिस टीम***

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, चौकी प्रभारी बाईपास, कांस्टेबल हितेश कुमार, कांस्टेबल रिंकू कुमार और कांस्टेबल नीरज सिंह सामंत शामिल रहे।

सरकारी ट्यूबवेलों से केबल चोरी की घटनाओं के खुलासे के बाद पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं और उनके संभावित साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।

नन्दा न्यूज:देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *