ब्रेकिंग न्यूज़

गांधी-शास्त्री जयंती पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने दी श्रद्धांजलि, आदर्शों को आचरण में उतारने का लिया संकल्प,

सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के संदेश से गूंजा पुलिस लाइन रतूड़ा | श्रद्धांजलि के बाद जिलेभर में चला स्वच्छता अभियान,

रुद्रप्रयाग। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर रुद्रप्रयाग पुलिस ने दोनों महान विभूतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। पुलिस लाइन रतूड़ा से लेकर जिले की कोतवालियों और पुलिस चौकियों तक आयोजित कार्यक्रमों में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने गांधीजी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के संदेश और शास्त्रीजी की सादगी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा की भावना को अपने जीवन और कार्यशैली में उतारने का संकल्प लिया।

रिजर्व पुलिस लाइन रतूड़ा के प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए। श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उन्होंने दोनों महापुरुषों के जीवन आदर्शों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सत्य और अहिंसा केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित विचार नहीं, बल्कि एक बेहतर और शांतिपूर्ण समाज की मजबूत नींव हैं। उन्होंने पुलिस कर्मियों से समाज में समानता, आपसी भाईचारे, साम्प्रदायिक सद्भाव और प्रेम की भावना को मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। साथ ही सुदृढ़, शांतिपूर्ण और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण में अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की प्रेरणा दी।

जिलेभर में गूंजा गांधी-शास्त्री के आदर्शों का संदेश,

इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक विकास पुण्डीर ने पुलिस कार्यालय में श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं जनपद की समस्त कोतवालियों और पुलिस चौकियों में संबंधित प्रभारियों की मौजूदगी में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अहिंसा और शांति की प्रतिज्ञा दिलाई गई तथा दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने कार्य एवं व्यवहार में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

श्रद्धांजलि के बाद स्वच्छता का संदेश, पुलिस ने खुद संभाली कमान,

गांधी जयंती के कार्यक्रमों के बाद रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्वच्छता को लेकर भी विशेष अभियान चलाया। पुलिस कार्यालय, पुलिस लाइन, कोतवाली और पुलिस चौकियों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्वयं सफाई अभियान में हिस्सा लिया और कार्यस्थलों तथा आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की।

इस पहल के जरिए पुलिस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

महात्मा गांधी का सत्य, अहिंसा और स्वच्छता का संदेश तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी समाज के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं। गांधी-शास्त्री जयंती पर रुद्रप्रयाग पुलिस का यह आयोजन श्रद्धांजलि के साथ-साथ कर्तव्य, अनुशासन, शांति और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाने के संकल्प का संदेश देता नजर आया।

रिपोर्ट: नंदा न्यूज़

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *