पटेलनगर में किराये के कमरे से कथित देह व्यापार का खुलासा, गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार,
मसूरी घुमाने के बहाने दिल्ली से देहरादून लाई गई नाबालिग का रेस्क्यू, गलत काम से इनकार पर कमरे में बंधक बनाने का पुलिस का दावा,
देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दून पुलिस ने कथित अनैतिक देह व्यापार के एक मामले का खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, हरभजवाला स्थित नीलकंठ एनक्लेव के एक किराये के मकान में देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन महिलाओं और तीन पुरुषों समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि मौके से एक नाबालिग युवती को रेस्क्यू किया गया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग युवती को दिल्ली से मसूरी घुमाने के बहाने देहरादून लाया गया था। आरोप है कि उसे किराये के कमरे में लाने के बाद गलत काम के लिए दबाव बनाया गया। युवती द्वारा इनकार करने पर उसे कथित तौर पर कमरे में बंधक बनाकर रखा गया। पुलिस ने युवती को अपने संरक्षण में लेते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
*व्हाट्सऐप के जरिए ग्राहकों से संपर्क का पुलिस का दावा*
पुलिस की पूछताछ में सामने आई जानकारी के अनुसार, मामले का मुख्य आरोपी मनीष कुमार लखेड़ा उक्त मकान को किराये पर लेकर दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों से महिलाओं को बुलाता था। पुलिस का दावा है कि आरोपी फोन और व्हाट्सऐप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क कर महिलाओं की तस्वीरें उपलब्ध कराता था और ग्राहकों की मांग के अनुसार उन्हें किराये के कमरे अथवा ग्राहकों द्वारा बताए गए स्थान पर भेजा जाता था।
पुलिस के मुताबिक, इसी नेटवर्क के तहत महिलाओं को दिल्ली से देहरादून बुलाकर कथित रूप से अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था।
*औचक छापेमारी में छह आरोपी गिरफ्तार*
कोतवाली पटेलनगर पुलिस को 1 अक्टूबर को मुखबिर से हरभजवाला के नीलकंठ एनक्लेव में अवैध देह व्यापार संचालित किए जाने की सूचना मिली थी। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना से अवगत कराने के बाद पुलिस टीम गठित की गई और बताए गए मकान पर औचक छापेमारी की गई।
पुलिस के अनुसार, मौके पर तीन महिलाएं, एक नाबालिग युवती और तीन पुरुष मिले। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा नाबालिग को रेस्क्यू किया।
18 हजार रुपये नकद और आपत्तिजनक सामग्री बरामद,
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 हजार रुपये नकद तथा आपत्तिजनक सामग्री/दवाइयां बरामद करने का दावा किया है। बरामद नकदी को पुलिस ने कथित देह व्यापार से संबंधित बताया है।
पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज,
पुलिस के मुताबिक, मामले में कोतवाली पटेलनगर में मु0अ0सं0 704/2026 दर्ज किया गया है। आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 96/99/127(2)/3(5), पॉक्सो अधिनियम की धारा 14(5) तथा अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की धारा 3/4/5/11 के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी:
1. मनीष कुमार लखेड़ा, पुत्र सोहन लाल, निवासी नीलकंठ एनक्लेव, हरभजवाला, पटेलनगर, देहरादून, उम्र 42 वर्ष।
2. अभिषेक, पुत्र उमालाल, निवासी महावीर नगर, दिल्ली, उम्र 35 वर्ष।
3. भानू उर्फ सिद्धान्त, पुत्र सुखराम सिंह, निवासी बड़ोवाला, आरकेडिया नगर, देहरादून।
4. ममता, पत्नी रामू यादव, निवासी शंकरपुर, पूर्वी दिल्ली, उम्र 28 वर्ष।
5. नेहा, पुत्री सलमान, निवासी संगम विहार, दिल्ली, उम्र 24 वर्ष।
6. सुमन, पुत्री चन्द्रभान, निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली, उम्र 24 वर्ष।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम,
कार्रवाई में निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पटेलनगर, व0उ0नि0 मुकेश थलेड़ी, उ0नि0 जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, म0उ0नि0 शिखा तेग्रवाल सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
नंदा न्यूज़ के लिए ऐसी ही ताज़ी और महत्वपूर्ण खबरों से जुड़े रहने के लिए हमारे पेज को फॉलो जरूर करें — नंदान्यूज.इन।

