ब्रेकिंग न्यूज़

पटेलनगर पुलिस का बड़ा एक्शन: मालिक के गोदाम में चोरी करने वाला नौकर साथियों समेत गिरफ्तार,

जल्दी पैसा कमाने के लालच में 4-5 महीने से तारों पर हाथ साफ करने का पुलिस का दावा, करीब 2 लाख का चोरी का माल बरामद

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में गोदाम से तार के बंडल चोरी होने की घटना का पटेलनगर पुलिस ने खुलासा करते हुए नौकर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी नौकर अपने ही मालिक के गोदाम से पिछले कई महीनों से तार के बंडल चोरी कर रहा था और उन्हें कबाड़ियों को कम कीमत पर बेचता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 7 बंडल हेवेल्स तार और 22 गुच्छे कटे हुए तार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है, बरामद किए हैं।

मालिक के गोदाम को ही बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को वादी अंकित चौहान की ओर से शिकायत दी गई थी कि पित्थूवाला स्थित सूर्या सोलर के गोदाम से उनके कर्मचारी जतिन चौहान ने तार के बंडल चोरी किए हैं। शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

गांव भागने की फिराक में था मुख्य आरोपी

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को चंद्रबनी पटेलनगर में निर्माणाधीन हाईवे के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मुख्य आरोपी जतिन चौहान को चोरी का माल खरीदने वाले दो अन्य आरोपियों संजीत और तालिब के साथ गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पुलिस को जतिन ने बताया कि वह करीब दो वर्षों से मालिक के कार्यालय में काम कर रहा था। पुलिस के अनुसार, ज्यादा पैसा कमाने के लालच में वह पिछले 4-5 महीनों से गोदाम से तार के बंडल चोरी कर कबाड़ियों को औने-पौने दाम पर बेच रहा था।

पुलिस का कहना है कि जब मालिक को चोरी की जानकारी हुई और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया, तो आरोपी पहले चोरी किए गए तारों को बेचकर अपने गांव भागने की तैयारी में था, लेकिन पुलिस ने उससे पहले ही उसे पकड़ लिया।

तीन आरोपी गिरफ्तार

1. जतिन चौहान, उम्र 27 वर्ष, निवासी पित्थूवाला खुर्द, पटेलनगर, देहरादून।

2. संजीत, उम्र 30 वर्ष, निवासी दरभंगा, बिहार, हाल पता कंडोली, रायपुर, देहरादून।

3. तालिब, उम्र 20 वर्ष, निवासी मेहूंवाला माफी, पटेलनगर, देहरादून।

“करीब दो लाख का माल बरामद”

पटेलनगर पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेवेल्स तार के 7 बंडल और कटे हुए तार के 22 गुच्छे बरामद किए हैं। पुलिस ने बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई है।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, कांस्टेबल सोमपाल और कांस्टेबल विनोद कुमार शामिल रहे।

नंदा न्यूज़ के लिए ऐसी ही ताज़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए हमारे पेज को फॉलो जरूर करें — नंदान्यूज.इन।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *