पार्क में आकस्मिक चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी, पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत साढ़े छह लाख रुपये,
देहरादून। नशे के खिलाफ की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सेलाकुई पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से 22.81 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान कमल चौधरी उर्फ बॉबी, पुत्र कटार सिंह, निवासी कुआंखेड़ा, थाना लक्सर, जनपद हरिद्वार, हाल निवासी राजावाला, सेलाकुई, देहरादून, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।
सामान पहुंचाने की आड़ में स्मैक सप्लाई का पुलिस का दावा

सेलाकुई पुलिस के अनुसार, 02 अक्टूबर 2026 को आकस्मिक चेकिंग के दौरान तेलपुरा स्थित जंगलात चौकी के पास पार्क से आरोपी को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 22.81 ग्राम स्मैक बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह डिलीवरी बॉय का काम करता है और इसी काम की आड़ में नशे के आदी लोगों तक स्मैक पहुंचाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बरामद स्मैक एक स्थानीय नशा तस्कर से खरीदने और उसे ऊंचे दामों पर आगे सप्लाई करने की बात पूछताछ में बताई है।
पूछताछ में अन्य तस्करों के सुराग मिलने का दावा
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कुछ अन्य नशा तस्करों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। इन लोगों के विरुद्ध भी पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में थाना सेलाकुई में मु0अ0सं0 147/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
बरामदगी
– 22.81 ग्राम अवैध स्मैक
– पुलिस के अनुसार अनुमानित कीमत: करीब 6.50 लाख रुपये
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
– उ0नि0 सुमेर सिंह
– का0 वीर सिंह
– का0 मधुसूदन
नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने के लिए सेलाकुई पुलिस की कार्रवाई को आगे भी जारी रखने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही है।
नन्दा न्यूज:देहरादून उत्तराखंड

