एसएसपी देहरादून के निर्देश पर नगर से देहात तक पुलिस की ताबड़तोड़ चेकिंग, 1809 वाहन और 1900 से अधिक लोगों की हुई जांच,
देहरादून। वीकेंड पर राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और रात के समय होने वाली आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दून पुलिस ने ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक चलाकर व्यापक स्तर पर कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर नगर से लेकर देहात तक पुलिस की अलग-अलग टीमों ने देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सड़क से लेकर होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट तक पुलिस की निगरानी रही।
एसएसपी देहरादून द्वारा सभी अधीनस्थ अधिकारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में लगातार प्रभावी चेकिंग अभियान चलाने और आपराधिक गतिविधियों में लिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में 03 और 04 अक्टूबर की मध्यरात्रि जनपद के नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस टीमों को सक्रिय करते हुए ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक को अंजाम दिया गया।

अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने 1809 वाहनों की सघन चेकिंग की, जबकि रात के समय घूम रहे 1900 से अधिक व्यक्तियों से मौके पर पूछताछ की गई। पुलिस की सतर्कता के दौरान 35 संदिग्ध व्यक्तियों को थानों पर लाया गया, जहां उनसे आवश्यक पूछताछ करने के साथ ही उनके सत्यापन की कार्रवाई की गई। सत्यापन के बाद नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान की कार्रवाई की गई।
दून पुलिस की कार्रवाई केवल सड़कों तक सीमित नहीं रही। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने होटल, बार, पब और रेस्टोरेंट आदि में भी औचक चेकिंग एवं छापेमारी की। पुलिस का उद्देश्य रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और किसी भी संभावित आपराधिक घटना को समय रहते रोकना रहा।
#नशे में वाहन चलाने वालों पर भी कसा शिकंजा,
ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। शराब पीकर वाहन चलाने वाले 18 वाहन चालकों को गिरफ्तार किया गया तथा संबंधित वाहनों को सीज कर दिया गया।

इसके अतिरिक्त यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 वाहन चालकों के एमवी एक्ट के तहत चालान किए गए और उनसे 16 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। वहीं 65 वाहन चालकों के चालान माननीय न्यायालय के लिए भेजे गए, जबकि यातायात नियमों के उल्लंघन पर 23 वाहनों को सीज किया गया।
दून पुलिस की इस व्यापक रात्रि कार्रवाई से स्पष्ट है कि पुलिस राजधानी में रात के समय कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और रात्रिकालीन गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अपराध की रोकथाम के साथ-साथ आम नागरिकों और शहर में आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। दून पुलिस ने साफ कर दिया है कि रात के समय संदिग्ध गतिविधियों, नशे में वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
नंदा न्यूज़—देहरादून से महिपाल सिंह नेगी की रिपोर्ट।

