ब्रेकिंग न्यूज़

केदारनाथ पैदल मार्ग पर नियम तोड़ने वालों पर रुद्रप्रयाग पुलिस का शिकंजा,

यात्री ढुलाई का लाइसेंस नहीं, फिर भी श्रद्धालुओं को बैठाकर दौड़ा रहे थे घोड़े-खच्चर; गौरीकुंड से लिंचोली तक 35 संचालकों पर कार्रवाई,

रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस ने पैदल यात्रा मार्ग पर निगरानी और चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। यात्रा मार्ग पर निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वाले घोड़ा-खच्चर संचालकों के खिलाफ पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में यात्रियों की ढुलाई के लिए वैध लाइसेंस न होने के बावजूद श्रद्धालुओं को घोड़ा-खच्चरों पर बैठाकर ले जा रहे 35 संचालकों के विरुद्ध उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।

केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों को ढोने और माल-सामग्री की ढुलाई के लिए अलग-अलग लाइसेंस निर्धारित हैं। जिला पंचायत द्वारा संबंधित कार्य के लिए संचालकों को लाइसेंस जारी किए जाते हैं। ऐसे में केवल माल ढुलाई का लाइसेंस रखने वाले संचालकों द्वारा यात्रियों को बैठाकर ले जाना नियमों का सीधा उल्लंघन है। पुलिस के अनुसार इस प्रकार की लापरवाही से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं।

पैदल मार्ग पर लगातार मिल रही शिकायतों और नियमों के उल्लंघन की सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए रुद्रप्रयाग पुलिस ने गौरीकुंड से लेकर लिंचोली तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने ऐसे संचालकों को पकड़ा, जिनके पास यात्री ढुलाई का वैध लाइसेंस नहीं था, लेकिन वे श्रद्धालुओं को अपने घोड़ा-खच्चरों पर बैठाकर यात्रा मार्ग पर ले जा रहे थे।

पुलिस की कार्रवाई का क्षेत्रवार आंकड़ा भी सामने आया है। गौरीकुंड क्षेत्र में 5, भीमबली क्षेत्र में 8 और लिंचोली क्षेत्र में 22 घोड़ा-खच्चर संचालकों को नियमों का उल्लंघन करते हुए पकड़ा गया। इस तरह कुल 35 संचालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने कार्रवाई के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा का भी ध्यान रखा। जिन यात्रियों को अनधिकृत घोड़ा-खच्चरों से ले जाया जा रहा था, उन्हें संबंधित यात्री ढुलाई के लिए अधिकृत घोड़ा-खच्चरों में बैठाकर सुरक्षित रूप से आगे भेजा गया।

यात्रा के दौरान कुछ श्रद्धालुओं की ओर से घोड़ा-खच्चर संचालकों द्वारा अभद्रता किए जाने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। पुलिस द्वारा ऐसी शिकायतों का परीक्षण करने के साथ ही यात्रा मार्ग पर संचालकों के लाइसेंस और गतिविधियों की भी जांच की जा रही है।

रुद्रप्रयाग पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित नियमों और लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस की इस सख्ती का उद्देश्य यात्रा व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने के साथ ही देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यात्रा व्यवस्था उपलब्ध कराना है।

नन्दा न्यूज:रुद्रप्रयाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *