ब्रेकिंग न्यूज़

हुड़दंगियों पर दून पुलिस की सख्ती, यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार हिरासत में,

हरिद्वार बायपास स्थित नेक्सा शोरूम के पास मारपीट की सूचना पर पहुंची पुलिस, चौकी पर भी दोबारा झगड़े पर उतारू होने का पुलिस का दावा,

देहरादून। राजधानी देहरादून में सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामा करने के मामले में नेहरू कॉलोनी पुलिस ने कंटेंट क्रिएटर/यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, हरिद्वार बायपास रोड स्थित नेक्सा शोरूम के पास कुछ युवकों के बीच मारपीट और झगड़े की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

पुलिस के अनुसार घटना 5 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे की है। कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद नेहरू कॉलोनी पुलिस मौके पर पहुंची, जहां कंटेंट क्रिएटर/यू-ट्यूबर अनुराग डोभाल अपने साथियों के साथ राज सिंह चौहान नामक व्यक्ति से मारपीट करते हुए मिले।

स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस दोनों पक्षों को समझाकर बाईपास चौकी ले आई। पुलिस का कहना है कि चौकी पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल, अभिषेक, अभय चौधरी और कुर्बान एक बार फिर राज सिंह चौहान के साथ मारपीट पर उतारू हो गए।

पुलिस के मुताबिक, चारों को काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वे कथित तौर पर लगातार उग्र होते रहे और दूसरे पक्ष से दोबारा विवाद करने का प्रयास करने लगे। इस दौरान चौकी पर लोगों की भीड़ भी जुट गई।

स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त बल मौके पर बुलाया और शांति व्यवस्था बनाए रखने के दृष्टिगत चारों व्यक्तियों को धारा 170 BNSS के तहत नियमानुसार हिरासत में ले लिया।

मारपीट में घायल बताए जा रहे राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून अस्पताल भेजा गया। वहीं, राज सिंह की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर अनुराग डोभाल और अन्य आरोपियों के खिलाफ थाना नेहरू कॉलोनी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है।

हिरासत में लिए गए व्यक्ति

1. अनुराग डोभाल, उम्र 29 वर्ष

2. अभिषेक, उम्र 22 वर्ष

3. अभय चौधरी, उम्र 23 वर्ष

4. कुर्बान, उम्र 23 वर्ष

इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी बाईपास उपनिरीक्षक विनय मोहन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल सतेन्द्र, कांस्टेबल हितेश कुमार और पीआरडी प्रमोद शामिल रहे।

नोट: मारपीट और घटना से जुड़े आरोप पुलिस के प्रेस नोट के आधार पर हैं। मामले में दर्ज अभियोग की विवेचना के बाद ही आरोपों की अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

नन्दा न्यूज:देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *