जूस की दुकान के ग्राहकों को लेकर भिड़े दो पक्ष, सड़क पर जमकर हुआ हंगामा—पुलिस ने 3 हुड़दंगियों को दबोचा,
चंद्रमणि चौक के पास सड़क पर झगड़े की सूचना मिलते ही पहुंची क्लेमेंटटाउन पुलिस, शांति व्यवस्था बिगाड़ने पर 170 BNSS के तहत कार्रवाई,
देहरादून। एसएसपी देहरादून की सख्ती का असर अब सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर साफ दिखाई दे रहा है। थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस ने सड़क पर आपस में झगड़ा और हुड़दंग कर रहे तीन व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ 170 BNSS के तहत कार्रवाई की।
मामला 7 अक्टूबर की देर रात चंद्रमणि चौक के पास का है। थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस को सूचना मिली थी कि सड़क किनारे कुछ लोग आपस में झगड़ा कर रहे हैं और जमकर हुड़दंग मचा रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि दो पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। पुलिसकर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाने और मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि दोनों पक्ष और अधिक उग्र हो गए और एक-दूसरे के साथ मारपीट पर उतारू हो गए।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने झगड़े और हुड़दंग में शामिल तीन व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। उनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 BNSS के तहत कार्रवाई की गई।
ग्राहकों को लेकर शुरू हुआ विवाद सड़क तक पहुंचा,
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों पक्षों की चंद्रमणि चौक के पास अगल-बगल जूस की दुकानें हैं। दुकान पर आने वाले ग्राहकों को लेकर पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद ने झगड़े का रूप ले लिया।
पुलिस के मुताबिक, घटना के संबंध में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
हिरासत में लिए गए व्यक्तियों का विवरण,
1. सुभाष, पुत्र स्व. धनीराम, निवासी शांति विहार, वाइल्डलाइफ रोड चंद्रमणि, थाना पटेल नगर, देहरादून।
2. लक्की कश्यप, पुत्र सोनू कश्यप, निवासी निवाड़ी, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश, हाल निवासी शांति विहार, वाइल्डलाइफ रोड चंद्रमणि, थाना पटेल नगर, देहरादून।
3. शैंकी पाल, पुत्र जितेंद्र पाल, निवासी कमल पेंटिंग प्रेस वाली गली, मोहबेवाला, थाना पटेल नगर, देहरादून।
पुलिस का साफ संदेश—सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग बर्दाश्त नहीं
क्लेमेंटटाउन पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक मार्ग पर झगड़ा, मारपीट और हुड़दंग कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। एसएसपी दून के निर्देशों के तहत पुलिस की नजर ऐसे तत्वों पर लगातार बनी हुई है।
नंदा न्यूज़ के लिए—महिपाल सिंह नेगी, देहरादून।
