ब्रेकिंग न्यूज़

एसएसपी देहरादून की सटीक रणनीति से चार साल से फरार 50 हजार का इनामी गिरफ्तार,

डोईवाला में पांच लाख रुपये की चोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई, पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से दबोचा गया आरोपी,

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली डोईवाला और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम को मिली सफलता,

देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने फरार और इनामी अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार साल से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर डोईवाला क्षेत्र में बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर जा रहे व्यक्ति का रुपयों से भरा बैग चोरी करने का आरोप है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली डोईवाला और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने सर्विलांस, मुखबिर तंत्र और लगातार सुरागरसी-पतारसी के आधार पर यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2022 को नव ज्योति विहार, डोईवाला निवासी लाखन सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह बैंक से पांच लाख रुपये निकालकर घर जा रहे थे। रास्ते में सब्जी लेने के लिए रुकने के दौरान अज्ञात चोरों ने उनका रुपयों से भरा बैग चोरी कर लिया। मामले में कोतवाली डोईवाला में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने घटना में शामिल मंजीत ग्वाला को चोरी की गई धनराशि सहित गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसके भाई रवि ग्वाला की संलिप्तता भी सामने आई। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी, लेकिन आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था।

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम:

लंबे समय से फरार चल रहे रवि ग्वाला की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी देहरादून ने 25 हजार रुपये और आईजी गढ़वाल रेंज ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। वर्तमान में एसएसपी देहरादून द्वारा वांछित एवं इनामी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए दिए गए निर्देशों के क्रम में कोतवाली डोईवाला और एसओजी ग्रामीण की संयुक्त टीम ने कार्रवाई तेज की।

पुलिस टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए आरोपी की तलाश जारी रखी। इसी दौरान उसके पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में छिपे होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम तत्काल पश्चिम बंगाल रवाना हुई और 18 अक्टूबर 2026 को ग्राम फाटापुकर, झांझीपुरा, थाना राजगंज, जिला जलपाईगुड़ी से रवि ग्वाला को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को जलपाईगुड़ी की अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया।

एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर लगातार कार्रवाई:

दून पुलिस की इस कार्रवाई को लंबे समय से फरार चल रहे इनामी अभियुक्तों की धरपकड़ की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीमें वांछित आरोपियों की तलाश में लगातार अभियान चला रही हैं।

गिरफ्तार अभियुक्त: रवि ग्वाला, पुत्र सदानंद ग्वाला, उम्र 46 वर्ष, निवासी फाटापुकर, झांझीपुरा, थाना राजगंज, जिला जलपाईगुड़ी, पश्चिम बंगाल।

पुलिस टीम: निरीक्षक खुशी राम पाण्डेय, प्रभारी एसओजी ग्रामीण; उपनिरीक्षक विनोद राणा, एसओजी ग्रामीण; वरिष्ठ उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर, कोतवाली डोईवाला; अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार; कांस्टेबल विपिन कुमार; कांस्टेबल कुलदीप सिंह, एसओजी; तथा कांस्टेबल सोनी कुमार, एसओजी।

नंदा न्यूज़ | देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *