केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा में तैनात जवानों की सेहत का भी रखा गया ख्याल, विशेष दंत चिकित्सा शिविर में हुआ उपचार
बर्फीली ठंड, कम ऑक्सीजन और विषम परिस्थितियों के बीच दिन-रात डटे पुलिस जवानों के लिए सराहनीय पहल, डॉ. रतिका सोलंकी ने किया दांतों का परीक्षण और वितरित कीं ओरल केयर किट
नंदा न्यूज़ :रुद्रप्रयाग
रुद्रप्रयाग। बाबा केदार के धाम में जहां कड़ाके की ठंड, कम ऑक्सीजन और चुनौतीपूर्ण भौगोलिक परिस्थितियों के बीच पुलिस के जवान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए दिन-रात मुस्तैद हैं, वहीं अब इन कर्मवीरों की सेहत का ख्याल रखने के लिए भी विशेष पहल की गई है। केदारनाथ धाम में ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों के लिए विशेष दंत चिकित्सा शिविर आयोजित कर उनके स्वास्थ्य की जांच और आवश्यक उपचार किया गया।
“श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे जवानों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता”
केदारनाथ यात्रा के दौरान मंदिर परिसर से लेकर यात्रा व्यवस्थाओं तक पुलिसकर्मी हर मोर्चे पर अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं। कठिन मौसम और प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच लगातार ड्यूटी करने वाले इन जवानों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए विशेष दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया।
जनपद रुद्रप्रयाग में यात्रा व्यवस्थाओं के सफल संचालन के लिए सेवाएं दे रहे अपर पुलिस अधीक्षक लोकजीत सिंह के विशेष प्रयासों से यह पहल संभव हुई। देहरादून के डेंटारा.इन क्लीनिक और आदित्य रामदास फाउंडेशन की संस्थापक एवं निदेशक डॉ. रतिका सोलंकी ने शिविर में अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
दांतों की जांच, मौके पर उपचार और जरूरी परामर्श:

शिविर के दौरान डॉ. रतिका सोलंकी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों के दांतों का परीक्षण किया। दांतों एवं मुख से जुड़ी सामान्य और तात्कालिक समस्याओं का मौके पर उपचार किया गया। साथ ही, जवानों को दांतों की नियमित देखभाल, स्वच्छता बनाए रखने और दंत समस्याओं से बचाव के जरूरी उपायों की जानकारी दी गई।
इस दौरान पुलिसकर्मियों को ओरल केयर किट भी वितरित की गईं, ताकि वे कठिन परिस्थितियों में भी अपने दंत स्वास्थ्य का ध्यान रख सकें।
खाकी के कर्मवीरों के सम्मान में सराहनीय पहल:

केदारनाथ धाम में श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव देने के लिए पुलिस बल लगातार अपनी सेवाएं दे रहा है। ऐसे में जवानों के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए आयोजित यह शिविर उनके कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
शिविर में शामिल पुलिस जवानों ने इस सहयोग के लिए डॉ. रतिका सोलंकी के प्रति आभार व्यक्त किया। कठिन परिस्थितियों में कर्तव्य निभा रहे पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने वाली यह पहल सेवा, संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरक उदाहरण बनी।
