दून के नेतृत्व में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चार आरोपियों के बाद अब दो और चढ़े पुलिस के हत्थे; मोबाइल, लैपटॉप, टैबलेट समेत लाखों का इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद,
नंदा न्यूज | देहरादून
ऋषिकेश। देहरादून जनपद में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में ऋषिकेश पुलिस ने मोबाइल स्टोर में हुई चोरी की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए फरार चल रहे दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप, टैबलेट, जेबीएल स्पीकर और स्मार्ट वॉच समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब इस कार्रवाई के बाद प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की कुल संख्या छह हो गई है।
*रात के अंधेरे में शटर तोड़कर दिया था वारदात को अंजाम*
पुलिस के अनुसार, मामला ऋषिकेश-हरिद्वार रोड स्थित गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर संचालित गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड का है। दुकान के स्वामी अश्वनी पुत्र हरिहर प्रसाद गुप्ता ने 6 नवंबर 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि 6 नवंबर की रात करीब 2 बजे से 4 बजे के बीच अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और डेमो फोन चोरी कर लिए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 585/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
*आईडीपीएल गोलचक्कर से पहले चार आरोपी पकड़े गए*
घटना के खुलासे के लिए एसएसपी देहरादून ने कोतवाली ऋषिकेश में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में 9 नवंबर को पुलिस टीम ने आईडीपीएल गोलचक्कर के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चार आरोपियों नितिन दास, अभिषेक थापा, योगेंद्र उर्फ दीपक और रोहन को चोरी के सामान सहित गिरफ्तार किया था। चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था।
*पूछताछ में सामने आए दो और नाम, पुलिस ने बिछाया गिरफ्तारी का जाल*
मामले की विवेचना और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को घटना में दो अन्य साथियों की संलिप्तता की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
आखिरकार 14 नवंबर को पुलिस ने चेकिंग के दौरान रायवाला और नेपाली फार्म के पास से दो फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संजीव उर्फ संदीप उर्फ हेलमेट (19 वर्ष), निवासी प्रतीत नगर, रायवाला और शेखर चौधरी उर्फ प्रिंस (26 वर्ष), निवासी प्रतीत नगर, रायवाला के रूप में हुई है।
*चोरी के इलेक्ट्रॉनिक सामान की बड़ी बरामदगी*
पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों के कब्जे से निम्नलिखित सामान बरामद किया है—
1. इनफिनिक्स GT मोबाइल फोन – एक
2. सैमसंग मोबाइल फोन – एक
3. एचपी कंपनी का लैपटॉप – एक
4. इनफिनिक्स XPAD टैबलेट – एक
5. जेबीएल एयर स्पीकर – दो
6. फास्टट्रैक स्मार्ट वॉच – एक
*छह आरोपी गिरफ्तार, पुलिस टीम की कार्रवाई जारी*

इस पूरे प्रकरण में अब तक छह आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों में नितिन दास, अभिषेक थापा, योगेंद्र उर्फ दीपक और रोहन शामिल हैं। वहीं, अब संजीव उर्फ संदीप उर्फ हेलमेट और शेखर चौधरी उर्फ प्रिंस की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने मामले में फरार चल रहे दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार, कांस्टेबल सौरभ चौहान और कांस्टेबल रमेश मैठाणी शामिल रहे।
एसएसपी दून के नेतृत्व में पुलिस की इस कार्रवाई को चोरी की घटना के खुलासे की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने वाले गिरोह के सभी छह आरोपियों की गिरफ्तारी से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में अपराध कर कानून से बचना आसान नहीं होगा।
नंदा न्यूज | देहरादून
अपराध पर प्रहार, जनता की सुरक्षा सर्वोपरि।
