# एसएसपी दून की सख्ती का असर: नेहरू कॉलोनी पुलिस के शिकंजे में 3 आरोपी, 4 लाख की स्मैक और 105 पव्वे शराब बरामद
**देहरादून | नंदा न्यूज़**
देहरादून में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। एसएसपी देहरादून के सख्त निर्देशों के तहत नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए नेहरू कॉलोनी पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब चार लाख रुपये कीमत की 13.40 ग्राम अवैध स्मैक, 105 पव्वे देसी शराब और एक हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
एसएसपी दून के निर्देश पर जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत कोतवाली नेहरू कॉलोनी की अलग-अलग पुलिस टीमों ने 27 नवंबर को चेकिंग और मुखबिर की सूचना के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
**चार लाख की स्मैक के साथ आरोपी गिरफ्तार**
पुलिस टीम ने सपेरा बस्ती पुल से मोथरोवाला की ओर जाने वाले रास्ते पर कार्रवाई करते हुए विशाल नाथ उर्फ सिद्धू, पुत्र विक्रम नाथ, निवासी सपेरा बस्ती, मोथरोवाला को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 13.40 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब चार लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
**अलग-अलग स्थानों से अवैध शराब के साथ दो गिरफ्तार**

वहीं, दून यूनिवर्सिटी रोड और बद्रीपुर रेलवे फाटक के पास पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए दो अन्य आरोपियों को अवैध देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में शुभम पुत्र राजवीर, निवासी दीप नगर, नेहरू कॉलोनी, देहरादून, मूल निवासी नागल राजपूत कस्बा, गंगोह, सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), के कब्जे से 53 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद किए गए।
दूसरे आरोपी सूरज पाल, पुत्र स्वर्गीय हरि सिंह, निवासी कुटला नवादा, सोनी गार्डन के निकट, नेहरू कॉलोनी, देहरादून, के कब्जे से 52 पव्वे अवैध देसी शराब बरामद हुई।

**तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज**

पुलिस ने गिरफ्तार तीनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली नेहरू कॉलोनी में संबंधित धाराओं के तहत एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम में अभियोग पंजीकृत किए हैं।
एसएसपी दून के निर्देशों पर चल रहे अभियान के तहत पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध मादक पदार्थों और शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसता जा रहा है। देहरादून पुलिस का कहना है कि अवैध नशे के कारोबार के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
