ब्रेकिंग न्यूज़

आपदा प्रबंधन दिवस पर रुद्रप्रयाग में नौ स्थानों पर मॉक ड्रिल, पुलिस-SDRF समेत कई विभागों ने संभाला मोर्चा,

आपदा प्रबंधन दिवस पर रुद्रप्रयाग में नौ स्थानों पर मॉक ड्रिल, पुलिस-SDRF समेत कई विभागों ने संभाला मोर्चा,

भूकंप, भूस्खलन, अग्निकांड और सड़क दुर्घटनाओं के काल्पनिक हालात में चलाए गए संयुक्त राहत एवं बचाव अभियान,

नंदा न्यूज़

रुद्रप्रयाग। आपदा की चुनौती से निपटने के लिए तैयारियों को परखने के उद्देश्य से आपदा प्रबंधन दिवस पर जनपद रुद्रप्रयाग के नौ अलग-अलग स्थानों पर व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की गई। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभ्यास में रुद्रप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन सहित तमाम संबंधित विभागों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने का अभ्यास किया।

मॉक ड्रिल में भूकंप, भूस्खलन, भारी बारिश, अग्निकांड और सड़क दुर्घटना जैसी परिस्थितियों के काल्पनिक परिदृश्य तैयार किए गए। हर घटनास्थल पर टीमों ने तत्काल पहुंचने, घायलों को निकालने, प्राथमिक उपचार देने और सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

### नौ स्थानों पर अलग-अलग आपदा परिदृश्य, बचाव दलों ने दिखाई तत्परता

राजकीय इंटर कॉलेज चंद्रनगर में भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में भूकंप के बाद शॉर्ट सर्किट से आग लगने के काल्पनिक घटनाक्रम में पुलिस और फायर सर्विस ने संयुक्त रूप से अग्निशमन एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया।

काकड़ागाड़, कुंड डैम के समीप भारी बारिश, मंदाकिनी नदी का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन के कारण वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने की स्थिति बनाई गई। वहीं जवाड़ी बाईपास पर पहाड़ी से मलबा और पत्थर गिरने से वाहन दबने तथा रैतोली पेट्रोल पंप के समीप टेंपो ट्रैवलर पलटने के परिदृश्य में बचाव टीमों ने घायलों को निकालने की प्रक्रिया का अभ्यास किया।

भटवाड़ी सैण में भूकंप से आटा मिल भवन क्षतिग्रस्त होने, राजकीय इंटर कॉलेज तिमली बड़मा में भूस्खलन और पेड़ गिरने तथा राजकीय इंटर कॉलेज फाटा में भूकंप से विद्यालय भवन क्षतिग्रस्त होने की काल्पनिक परिस्थितियों में भी संयुक्त रेस्क्यू अभियान संचालित किए गए।

### छेनागाड़ में भूस्खलन, भवन क्षतिग्रस्त और संपर्क मार्ग बाधित होने का अभ्यास

छेनागाड़ के ग्राम तालजामण में भारी बारिश के कारण भूस्खलन से आवासीय भवन क्षतिग्रस्त होने, संपर्क मार्ग बाधित होने और लोगों के मलबे में फंसे होने का परिदृश्य तैयार किया गया। बचाव टीमों ने फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने, घायलों को अस्पताल पहुंचाने, लापता व्यक्तियों की तलाश और प्रभावित परिवारों के लिए राहत व्यवस्थाओं का अभ्यास किया।

### पुलिस, SDRF, सेना और आपदा मित्रों ने मिलकर संभाली जिम्मेदारी

मॉक ड्रिल में रुद्रप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस, जल पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन, वन विभाग, सेना, आपदा मित्र और क्यूआरटी टीमों ने आपसी समन्वय के साथ राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया। अभ्यास के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, सुरक्षित रेस्क्यू, प्राथमिक उपचार, अस्पतालों तक घायलों की पहुंच और आपातकालीन व्यवस्थाओं की तैयारियों को परखा गया।

जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने लाइव स्ट्रीमिंग के माध्यम से सभी नौ घटनास्थलों पर चल रही मॉक ड्रिल की निगरानी की तथा संबंधित अधिकारियों से बचाव कार्यों की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

गौरतलब है कि इससे पूर्व जिला प्रशासन की ओर से आपदा प्रबंधन दिवस के उपलक्ष्य में जनपद के 56 स्थानों पर भी मॉक ड्रिल आयोजित की गई थी। इन अभ्यासों का उद्देश्य आपदा के समय विभिन्न विभागों की तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता और आपसी समन्वय को मजबूत करना है, ताकि वास्तविक आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्य प्रभावी ढंग से संचालित कर जनहानि को न्यूनतम किया जा सके।

रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील जनपद में किसी भी आपातकालीन परिस्थिति के दौरान धैर्य बनाए रखें, पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें तथा आपदा की सूचना तत्काल संबंधित विभागों को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *