ब्रेकिंग न्यूज़

एसपी नीहारिका तोमर ने की अपराध समीक्षा, दिए सख्त निर्देश,

### अपराधियों पर नजर, नशा तस्करों पर शिकंजा और चुनावी तैयारियों में तेजी… एसपी नीहारिका तोमर ने की अपराध समीक्षा, दिए सख्त निर्देश,

### सितम्बर-अक्टूबर के अपराधों की समीक्षा में लंबित विवेचनाओं, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष जोर,

नंदा न्यूज़

रुद्रप्रयाग। जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और पुलिसिंग को अधिक जवाबदेह व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने शनिवार को मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की। ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस गोष्ठी में सितम्बर एवं अक्टूबर माह के अपराधों, पंजीकृत अभियोगों, लंबित विवेचनाओं और पुलिस की विभिन्न कार्यवाहियों की समीक्षा करते हुए सभी कोतवाली प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

एसपी ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधिकारी पूरी तत्परता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें।

### गश्त और चेकिंग बढ़ाने, संदिग्धों पर निगरानी के निर्देश

सभी कोतवाली प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने तथा आवश्यक निरोधात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। हिस्ट्रीशीटरों और आदतन अपराधियों का सत्यापन कर उनकी गतिविधियों पर निगरानी रखने को भी कहा गया।

### लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

लंबित विवेचनाओं की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने विवेचकों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण जांच पूरी करने, प्रभावी साक्ष्य संकलन और मामलों के विधिक निस्तारण पर जोर दिया। अपराधों की जांच में अनावश्यक देरी से बचने और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

### नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश

मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर वैधानिक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए। नशा तस्करों के नेटवर्क और उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

### विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर अभी से नजर

आगामी विधानसभा निर्वाचन के दृष्टिगत जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभी से आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील क्षेत्रों, निर्वाचन को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया।

### महिला-बाल सुरक्षा और साइबर अपराधों पर प्राथमिकता

महिला एवं बाल अपराधों से संबंधित शिकायतों पर संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं साइबर अपराधों की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेकर साइबर सेल के साथ समन्वय स्थापित करने और साइबर ठगी के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाने पर जोर दिया गया।

### यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

सड़क सुरक्षा को लेकर नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश देते हुए ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही करने को कहा गया। दुर्घटना संभावित स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

### बुजुर्गों की सुरक्षा, शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण

अकेले रह रहे बुजुर्गों और वरिष्ठ नागरिकों की नियमित कुशलक्षेम लेने, उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने तथा कोतवालियों में प्राप्त ऑनलाइन और ऑफलाइन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश भी दिए गए।

इसके साथ ही बीट पुलिसिंग को मजबूत बनाने, बीट अधिकारियों के नियमित क्षेत्र भ्रमण, ग्राम प्रहरियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय और ई-बीट बुक में आवश्यक सूचनाओं को नियमित अपडेट करने पर भी जोर दिया गया।

गोष्ठी में पुलिस उपाधीक्षक रुद्रप्रयाग अवनी तिवारी एवं प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुद्रप्रयाग अशोक कुमार भौतिक रूप से उपस्थित रहे, जबकि जनपद की अन्य कोतवालियों के प्रभारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े रहे।

नंदा न्यूज़ | जनहित, जवाबदेही और मजबूत पुलिसिंग की खबर,

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *