ब्रेकिंग न्यूज़

अब होगा महासंग्राम! 30 नवंबर को देहरादून में PRD जवानों की महाआक्रोश रैली, सरकार को आर-पार की चेतावनी,

* 27 नवंबर की कैबिनेट से उम्मीद टूटी, कैंडल मार्च के जरिए सरकार तक पहुंचाई नाराजगी… परेड ग्राउंड से घंटाघर होते हुए गांधी पार्क तक गूंजा पीआरडी जवानों का विरोध

* PRD जवानों का सरकार के खिलाफ कैंडल मार्च, 30 नवंबर को महाआक्रोश रैली का ऐलान

* कैबिनेट से उम्मीद टूटी, PRD जवानों में उबाल… राजधानी में आंदोलन तेज

* परेड ग्राउंड से घंटाघर होते हुए गांधी पार्क तक निकला PRD जवानों का कैंडल मार्च

* प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत के नेतृत्व में सरकार को चेतावनी, 30 नवंबर को जुटेंगे प्रदेशभर के जवान

नंदा न्यूज़

देहरादून में प्रांतीय रक्षक दल (PRD) जवानों का आंदोलन अब एक नए उग्र मोड़ की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। अपनी मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्षरत पीआरडी जवानों ने आज परेड ग्राउंड से दर्शन लाल चौक, घंटाघर होते हुए गांधी पार्क तक कैंडल मार्च निकालकर सरकार के प्रति अपना आक्रोश जाहिर किया। मार्च का नेतृत्व प्रदेश अध्यक्ष किशन सिंह रावत ने किया। आंदोलनरत जवानों का कहना है कि उन्हें 27 नवंबर को हुई कैबिनेट बैठक से अपनी मांगों पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद थी, लेकिन कैबिनेट में उनकी मांगों पर चर्चा अथवा निर्णय नहीं होने से जवानों में भारी नाराजगी है।

### कैबिनेट से उम्मीद, लेकिन फैसले ने बढ़ाया आक्रोश

पीआरडी जवानों को उम्मीद थी कि 27 नवंबर की कैबिनेट बैठक में उनके लंबे समय से उठाए जा रहे मुद्दों पर सरकार कोई ठोस निर्णय लेगी, लेकिन मांगों पर निर्णय नहीं होने से आंदोलनकारी जवानों का आक्रोश और गहरा गया। संगठन का कहना है कि बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है।

पीआरडी संगठन लंबे समय से नियमित रोजगार और आर्थिक सुरक्षा से जुड़ी मांगें उठा रहा है। संगठन की प्रमुख मांगों में होमगार्ड जवानों की तर्ज पर वेतन एवं महंगाई भत्ते की व्यवस्था और वर्षभर रोजगार की गारंटी जैसी मांगें शामिल रही हैं।

30 नवंबर को महाआक्रोश रैली, प्रदेशभर से जवानों को जुटने का आह्वान

कैंडल मार्च के दौरान संगठन ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 30 नवंबर को देहरादून में महाआक्रोश रैली आयोजित की जाएगी। संगठन का दावा है कि इस रैली में प्रदेशभर से पीआरडी जवान बड़ी संख्या में राजधानी पहुंचेंगे और अपनी मांगों को लेकर व्यापक प्रदर्शन करेंगे।

अब आंदोलनकारी जवानों की निगाहें 30 नवंबर पर टिकी हैं। सरकार और पीआरडी संगठन के बीच मांगों को लेकर टकराव बढ़ता है या बातचीत से समाधान निकलता है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *