ब्रेकिंग न्यूज़

केदारनाथ पैदल मार्ग पर संकट के बाद बड़ा एक्शन,

चीरवासा में मलबा-पत्थर से क्षतिग्रस्त रास्ता बंद, युद्धस्तर पर मरम्मत शुरू; पहले लौटते यात्रियों को निकाला जाएगा, फिर पैदल यात्रा पर फैसला

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा को लेकर सोमवार सुबह बड़ा अपडेट सामने आया है। गौरीकुंड से करीब 2.5 किलोमीटर आगे चीरवासा के पास भारी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हुए पैदल मार्ग पर प्रशासन ने तत्काल मरम्मत और सुदृढ़ीकरण का काम शुरू करा दिया है। सुरक्षा के मद्देनजर फिलहाल इस हिस्से में आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है।

बीते दिनों हुई भारी बारिश के बाद चीरवासा क्षेत्र में पैदल मार्ग पर मलबा और बड़े पत्थर आने से रास्ता क्षतिग्रस्त हो गया था। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने प्रभावित हिस्से में आवागमन बंद कर मरम्मत कार्य शुरू कराया है।

***पहले लौटते यात्रियों की सुरक्षित निकासी***

प्रशासन के मुताबिक मार्ग दुरुस्त होने के बाद सबसे पहले केदारनाथ धाम से वापस लौट रहे यात्रियों को सुरक्षित तरीके से क्षतिग्रस्त हिस्से से पार कराया जाएगा। इसके बाद ही केदारनाथ धाम की ओर सोमवार की पैदल यात्रा दोबारा शुरू करने को लेकर निर्णय लिया जाएगा।

यानी फिलहाल पैदल यात्रा को लेकर यात्रियों को प्रशासन के अगले आधिकारिक निर्णय का इंतजार करना होगा।

***हेलीकॉप्टर सेवा से यात्रा जारी***

पैदल मार्ग पर अस्थायी रोक के बीच केदारनाथ धाम के लिए हेलीकॉप्टर सेवा सुचारु रूप से संचालित हो रही है। प्रशासन की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि मौसम और मार्ग की स्थिति को देखते हुए बिना आधिकारिक अनुमति के बंद मार्ग पर जाने का प्रयास न करें।

प्रशासन एवं पुलिस ने यात्रियों से धैर्य बनाए रखने और जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने की अपील की है।

नंदा न्यूज़ की नजर लगातार केदारनाथ यात्रा मार्ग की हर अपडेट पर बनी हुई है।

नंदा न्यूज़ | नंदान्यूज.इन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *