सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से नेहरू कॉलोनी पुलिस ने दबोचा आरोपी, 3,850 रुपये बरामद,
देहरादून। नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में सैलून से नकदी चोरी के मामले का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 3,850 रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के मुताबिक, 31 अगस्त को नेहरू कॉलोनी निवासी सुनील वर्मा ने अपने सैलून से अज्ञात व्यक्ति द्वारा नकदी चोरी किए जाने की शिकायत पुलिस से की थी। मामले में नेहरू कॉलोनी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सैलून और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, संदिग्धों की जानकारी जुटाई और स्थानीय मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस ने पूर्व में चोरी की घटनाओं में सामने आए आरोपियों का भी सत्यापन किया।
जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने 1 सितंबर को राजीवनगर पुल के पास से सौमान पुत्र निजामुद्दीन, निवासी सेवला कलां माजरा, पटेलनगर, उम्र 19 वर्ष, को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने सैलून में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसके पास से चोरी की रकम में से 3,850 रुपये बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उसने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ने सैलून से करीब 5 हजार रुपये चोरी करने की बात बताई, जिसमें से कुछ रकम नशे की पूर्ति में खर्च हो गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले के खुलासे में चौकी प्रभारी फव्वारा चौक उपनिरीक्षक धनीराम पुरोहित, कांस्टेबल सत्यवीर सिंह और कांस्टेबल मुकेश जोशी की भूमिका रही।
