रायपुर में दून पुलिस का बड़ा सत्यापन अभियान, 400 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों की जांच,
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 भवन स्वामियों पर 2.20 लाख रुपये का जुर्माना,
देहरादून में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने और संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान करने के लिए दून पुलिस का सत्यापन अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में थाना रायपुर पुलिस ने रक्षा विहार, विद्या विहार, शांति विहार और चूना भट्टा क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाकर 400 से अधिक किरायेदारों और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन किया।
अभियान के दौरान 71 संदिग्ध व्यक्तियों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पुलिस ने सत्यापन की कार्रवाई के बाद सभी 71 व्यक्तियों के विरुद्ध धारा 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 20 हजार रुपये का जुर्माना किया।

वहीं, किरायेदारों और घरेलू सहायकों का सत्यापन नहीं कराने सहित अन्य अनियमितताएं पाए जाने पर 22 भवन स्वामियों के खिलाफ धारा 83 पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए कुल 2 लाख 20 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस ने आपराधिक मामलों में पूर्व में संलिप्त रहे, जमानत पर बाहर चल रहे और पूर्व की घटनाओं में प्रकाश में आए व्यक्तियों का भी भौतिक सत्यापन किया। साथ ही, आपराधिक गतिविधियों में दोबारा संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी।
एसएसपी देहरादून के निर्देशों पर चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत करना, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना और अपराधों की रोकथाम करना है। दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा।
नंदा न्यूज़ | देहरादून
