कोतवाली पटेलनगर पुलिस का बड़ा एक्शन, दो साल से फरार बांग्लादेशी आरोपी पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार,
घर का दरवाजा तोड़कर ज्वैलरी चोरी करने का आरोप, गिरफ्तारी से बचने के लिए बांग्लादेश भाग गया था अभियुक्त; लुक आउट सर्कुलर भी हुआ था जारी।
देहरादून में अपराधियों के खिलाफ दून पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर कोतवाली पटेलनगर पुलिस ने चोरी के एक मामले में दो साल से अधिक समय से फरार चल रहे बांग्लादेशी अभियुक्त को पश्चिम बंगाल के मालदा से गिरफ्तार किया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून लाया गया है और आज न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मामला एक जनवरी 2024 का है। पटेलनगर क्षेत्र के गुरु रोड निवासी मिली ने पुलिस को शिकायत दी थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखी ज्वैलरी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर कोतवाली पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने 22 जनवरी 2024 को इस घटना में शामिल आरोपी गोविन्द शुक्ला को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान बांग्लादेश निवासी मो. मिर्जानूर रहमान और अन्य साथियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद फरार आरोपी की तलाश के लिए उसके विरुद्ध लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से मिला सुराग
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर पटेलनगर पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश तेज की। पुलिस को आठ अक्टूबर 2026 को आरोपी के पश्चिम बंगाल के मालदा क्षेत्र में डिटेन किए जाने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस टीम पश्चिम बंगाल रवाना हुई और 15 अक्टूबर को मो. मिर्जानूर रहमान को हिरासत में लेकर ट्रांजिट रिमांड पर देहरादून ले आई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात बताई। उसने यह भी बताया कि चोरी की घटना के बाद उसके हिस्से में 60 हजार रुपये आए थे, जिन्हें लेकर वह बांग्लादेश लौट गया था।
एसएसपी दून के निर्देश पर फरार आरोपियों की तलाश जारी
कोतवाली पटेलनगर पुलिस की इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विक्रम सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल सुशील कुमार और कांस्टेबल विश्वास कुमार शामिल रहे। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
नंदा न्यूज़ | देहरादून
