एक चोरी की साइकिल से खुला 7 साइकिलों का राज, नशे की लत पूरी करने के लिए करता था चोरी
देहरादून। पटेल नगर क्षेत्र में साइकिल चोरी की वारदात सामने आते ही दून पुलिस एक्शन मोड में आ गई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और घटनास्थल से लेकर आसपास के रास्तों तक लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगालते हुए संदिग्ध की तलाश तेज कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि महज 24 घंटे के भीतर साइकिल चोरी की घटना का खुलासा कर दिया गया। 27-28 सितंबर की रात चेकिंग के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी सौरभ अरोड़ा पुत्र नरेश अरोड़ा, उम्र 27 वर्ष, निवासी संजय कॉलोनी, पटेल नगर को चोरी की साइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया।
***एक साइकिल से खुला चोरी का बड़ा राज***
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की तो सामने आया कि वह नशे का आदी है और नशे की लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी चोरी की साइकिल को बेचने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे इससे पहले ही दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई 6 और साइकिलें बरामद कर लीं। इस तरह पटेल नगर पुलिस ने कुल 7 चोरी की साइकिलें बरामद की हैं।
अन्य बरामद साइकिलें किन घटनाओं से संबंधित हैं, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से साइकिल चोरी की अन्य घटनाओं का भी खुलासा होने की संभावना है।
***पुलिस की कार्रवाई***
– 24 घंटे में घटना का खुलासा
– सीसीटीवी फुटेज से जुटाए सुराग
– मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार
– चोरी की कुल 7 साइकिलें बरामद
***गिरफ्तार आरोपी***
सौरभ अरोड़ा पुत्र नरेश अरोड़ा, निवासी संजय कॉलोनी, थाना पटेल नगर, उम्र 27 वर्ष।
***कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम***
उपनिरीक्षक आशीष कुमार, चौकी प्रभारी बाजार
कांस्टेबल हरमिंदर
कांस्टेबल चमन
नंदा न्यूज़ | देहरादून
