नंदा न्यूज
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि को लेकर ग्राम पंचायत सुद्धोंवाला में विशेष शिविर 19 जून को
देहरादून। ग्राम प्रधान निधि गैरोला, ग्राम पंचायत सुद्धोंवाला की ओर से प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से संबंधित महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। ग्राम पंचायत के सभी किसान भाई-बहनों को सूचित किया गया है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के नए कार्ड बनाए जा रहे हैं।
इसके लिए 19 जून 2026 को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक बहुद्देशीय भवन, चकडोतार रोड, सुद्धोंवाला में विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में कृषि वैज्ञानिक भी उपस्थित रहेंगे और किसानों को विभिन्न कृषि योजनाओं एवं तकनीकी जानकारी प्रदान करेंगे।
ग्राम प्रधान निधि गैरोला ने बताया कि जिन किसानों के नाम भूमि दर्ज है, जिनकी ई-केवाईसी पूर्ण है, बैंक खाता आधार से लिंक है तथा भूमि सत्यापन हो चुका है, वे इस शिविर में पहुंचकर अपना किसान कार्ड बनवा सकते हैं। जिनके नाम प्लॉट दर्ज हैं, वे भी पात्रता के अनुसार किसान कार्ड बनवा सकते हैं। उन्होंने कहा कि पात्र किसान यदि समय पर अपना पंजीकरण नहीं कराते हैं तो भविष्य में किसान सम्मान निधि की राशि प्रभावित हो सकती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि आयकरदाता किसान परिवार, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, सरकारी कर्मचारी, पेंशनधारी, संस्थागत भूमि धारक, मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर तथा जिला पंचायत सदस्य इस योजना के पात्र नहीं हैं।
शिविर में आने वाले किसानों को अपने साथ आधार कार्ड, बैंक पासबुक, खसरा-खतौनी और मोबाइल नंबर अवश्य लाने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्राम प्रधान निधि गैरोला ने सभी पात्र किसानों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर योजना का लाभ उठाने की अपील की है।
“19 जून को सुद्धोंवाला में लगेगा किसान सम्मान निधि शिविर, जरूरी दस्तावेजों के साथ पहुंचें किसान”
किसी भी जानकारी के लिए संपर्क करें: 9719272084
*ग्राम प्रधान, निधि गैरोला ग्राम पंचायत [सुद्धोवाला]*

