देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शादी के बाद दुल्हन की विदाई को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। आरोप है कि दिल्ली से बारात लेकर पहुंचे दूल्हा पक्ष ने दहेज में 20 लाख रुपये की मांग की। मांग पूरी नहीं होने पर दूल्हा पक्ष दुल्हन को साथ लिए बिना ही दिल्ली लौट गया। शादी की रस्में पूरी होने के बावजूद विदाई नहीं होने पर दुल्हन के भाई ने महिला हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार, 27 नवंबर को दिल्ली से बारात देहरादून पहुंची थी। यहां एक गुरुद्वारे में दोनों की शादी की रस्में संपन्न कराई गईं। इसके बाद दुल्हन की विदाई की तैयारियां चल रही थीं। इसी दौरान दूल्हे के भाई और भाभी पर 20 लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगा। बताया जा रहा है कि उस समय दूल्हा और दुल्हन ब्यूटी पार्लर में मौजूद थे।
आरोप है कि दूल्हा पक्ष ने दावत के आयोजन स्थल पर भी रुपये देने का दबाव बनाया। मांग पूरी नहीं होने पर दुल्हन को साथ लेकर जाने से इनकार कर दिया गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बारात में शामिल लोगों ने खाना तक नहीं खाया और शादी की दावत भी प्रभावित हुई।
इसके बाद दूल्हा पक्ष बिना दुल्हन के ही दिल्ली लौट गया। शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद भी दुल्हन की विदाई नहीं होने से दोनों परिवारों के बीच विवाद गहरा गया।
मामले में दुल्हन के भाई ने दूल्हे, उसके भाई-भाभी, जीजा और अन्य लोगों के खिलाफ महिला हेल्पलाइन में शिकायत दी है। शिकायत में दहेज की मांग करने और रुपये नहीं मिलने पर दुल्हन की विदाई रोकने का आरोप लगाया गया है।
वहीं, महिला हेल्पलाइन ने शिकायत के बाद दूल्हा पक्ष से संपर्क किया है। दोनों परिवारों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया है। फिलहाल महिला हेल्पलाइन के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच बातचीत कर विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है।
