ब्रेकिंग न्यूज़

एसएसपी दून के सख्त रुख का असर: सहसपुर में ढाई लाख की स्मैक के साथ 54 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार,

# एसएसपी दून के सख्त रुख का असर: सहसपुर में ढाई लाख की स्मैक के साथ 54 वर्षीय तस्कर गिरफ्तार,

**पूर्व में भी नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों में जा चुका है जेल, आरोपी के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज**

**नंदा न्यूज़ | देहरादून।**

देहरादून में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सहसपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर आरोपी को 7.97 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री में संलिप्त व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कोतवाली सहसपुर पुलिस की टीम 28 नवंबर को क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इस दौरान ढाकी काली मंदिर वाले रास्ते पर जंगल किनारे स्थित खेत से दिलशाद उर्फ मिर्ची (54 वर्ष), निवासी खुशहालपुर, सहसपुर को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 7.97 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह स्वयं भी नशे का आदी है और अपनी नशे की लत तथा अन्य आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए स्मैक स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों पर बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था। हालांकि, अपने मंसूबों में कामयाब होने से पहले ही वह पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है तथा जेल जा चुका है। उसके विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट और गौवंश संरक्षण अधिनियम के तहत भी मुकदमे दर्ज हैं।

सहसपुर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

**एसएसपी दून के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस की सख्ती लगातार जारी है। पुलिस की इस कार्रवाई को नशा तस्करों के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।**

**गिरफ्तारी करने वाली टीम:** वरिष्ठ उपनिरीक्षक विवेक भंडारी, कांस्टेबल नवबहार सिंह एवं कांस्टेबल विकास त्यागी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *