देर रात सड़कों पर उतरी रुद्रप्रयाग पुलिस, होटल-ढाबों से लेकर प्रमुख मार्गों तक चला सघन चेकिंग अभियान,
संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की हुई जांच, हुड़दंगियों व यातायात नियम तोड़ने वालों पर पुलिस की पैनी नजर,
नंदा न्यूज़
रुद्रप्रयाग। जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रुद्रप्रयाग पुलिस ने देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाकर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी मुस्तैदी दिखाई। 28 नवंबर की रात्रि को जनपद के प्रमुख मार्गों, होटल-ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर पुलिस की टीमें सक्रिय रहीं। अभियान के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने के साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों तथा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर विशेष निगरानी रखी गई।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक के पर्यवेक्षण में चलाए गए इस अभियान में जनपद की सभी पांच कोतवालियों के प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों और चौकी प्रभारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमें मैदान में उतरीं। अलग-अलग क्षेत्रों में पुलिस बल ने प्रमुख मार्गों पर वाहनों की जांच की, वहीं होटल और ढाबों में पहुंचकर वहां की गतिविधियों का जायजा लिया।

अभियान का मुख्य उद्देश्य केवल संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना ही नहीं, बल्कि रात के समय यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर अंकुश लगाना और सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था सुनिश्चित करना भी रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे की हालत में वाहन चलाना, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी लापरवाही न केवल चालक, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जिंदगी को भी खतरे में डालती है।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि जनपद में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने और संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के प्रति पुलिस का रुख सख्त रहेगा। इस तरह के चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रखे जाएंगे।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करें तथा होटल, ढाबों और सार्वजनिक स्थलों पर शांति एवं मर्यादा बनाए रखें।
रात की सड़कों पर पुलिस की यह सक्रियता साफ संदेश है कि जनपद में कानून व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
