किच्छा के गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा और गुरुद्वारा श्री नानक दरबार, आवास विकास की प्रबंधक समितियों ने हेमकुंड साहिब यात्रा पर जा रहे सिख श्रद्धालुओं पर कर्णप्रयाग में हुए हमले के विरोध में मुख्यमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। सिख समाज ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि 24 जून तक आरोपियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो उत्तराखंड के सभी गुरुद्वारों के माध्यम से प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
ज्ञापन में कहा गया कि हेमकुंड साहिब जा रहे श्रद्धालुओं पर कुछ स्थानीय लोगों द्वारा हमला किया गया, जिससे पूरे सिख समाज में भारी आक्रोश है। समिति ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जहां सभी धर्मों के श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसी घटनाएं राज्य की छवि को धूमिल करती हैं और भविष्य में इनकी पुनरावृत्ति रोकने के लिए दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।
सिख समाज के प्रतिनिधियों ने प्रशासन से निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उनका उद्देश्य समाज में भाईचारा और शांति बनाए रखना है। लेकिन यदि 24 जून 2026 तक आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे प्रदेश के गुरुद्वारों के सहयोग से आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।

