देहरादून/विकासनगर।
हेमकुंड साहिब यात्रा पर जाने की जिद को लेकर देर रात उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। बड़ी संख्या में पहुंचे निहंगों ने प्रशासन द्वारा लगाए गए बैरिकेड तोड़ दिए और उत्तराखंड में प्रवेश करने का प्रयास किया। इस दौरान निहंगों की पुलिस और आईटीबीपी जवानों के साथ तीखी झड़प भी हुई।
जानकारी के अनुसार, नगरासू गुरुद्वारा विवाद के बाद निहंग जत्थों ने उत्तराखंड कूच का ऐलान किया था। इसके मद्देनजर उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश की सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी तथा भारी संख्या में पुलिस, पीएसी और आईटीबीपी के जवान तैनात किए गए थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ उग्र निहंगों ने बैरिकेडिंग हटाने और आगे बढ़ने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि सुरक्षा बलों ने हालात को नियंत्रण में रखा और किसी बड़ी अप्रिय घटना को होने से रोक दिया।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में नगरासू गुरुद्वारा और कर्णप्रयाग से जुड़े विवाद के चलते प्रदेश में पहले से ही हाई अलर्ट जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है। प्रशासन लगातार सभी पक्षों के साथ संवाद बनाकर समाधान निकालने की कोशिश कर रहा है।
फिलहाल सीमा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है तथा आने-जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
नंदा न्यूज के लिए मैं हूं आपका संवाददाता। खबरों से जुड़े रहिए, देखते रहिए नंदा न्यूज।

