ब्रेकिंग न्यूज़

*गिरफ्तारी नहीं तो महाआंदोलन,दलित महापंचायत का अल्टीमेटम*

गिरफ्तारी नहीं तो महाआंदोलन,दलित महापंचायत का अल्टीमेटम*

  रुड़की में दलित समाज ने पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। रविदास घाट पर आयोजित महापंचायत में सैंकड़ों लोगों की मौजूदगी में उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग उठी। महापंचायत ने साफ चेतावनी दी कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन पूरे प्रदेश में तेज किया जाएगा। इतना ही नहीं, गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल हरिद्वार के एसएसपी से भी मुलाकात करेगा। रविदास घाट पर आयोजित दलित समाज की महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि कथित आपत्तिजनक टिप्पणी से पूरे समाज का अपमान हुआ है और अब समाज चुप बैठने वाला नहीं है। कार्यक्रम संयोजक एवं अंतरराष्ट्रीय रविदास धाम जनकल्याण ट्रस्ट के संस्थापक योगेश प्रमुख ने कहा कि दलित समाज अपने सम्मान और स्वाभिमान से कोई समझौता नहीं करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कुंवर प्रणव सिंह की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से बड़ा जनआंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।महापंचायत में पहुंचे राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल ने भी कहा कि यह किसी जाति विशेष का नहीं बल्कि एक व्यक्ति के गलत आचरण का मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि दलित समाज की बहन-बेटियों के लिए कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वह इस लड़ाई में दलित समाज के साथ खड़े हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि यदि कुंवर प्रणव सिंह सार्वजनिक रूप से माफी मांगते हैं तो समाज इस पर विचार कर सकता है। महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में किसी भी जनप्रतिनिधि की भाषा मर्यादित होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति समाज के सम्मान का ख्याल नहीं रख सकता, उसे राजनीति में बने रहने का अधिकार नहीं है। महापंचायत में यह भी निर्णय लिया गया कि गिरफ्तारी की मांग को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल गठित किया जाए जो हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग करेगा। प्रतिनिधिमंडल ने साफ कहा कि जब तक कार्रवाई नहीं होगी आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर इसे प्रदेशव्यापी रूप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *