ब्रेकिंग न्यूज़

“गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा, देहरादून”

देहरादून। गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा, देहरादून के शल्य चिकित्सा विभाग द्वारा मेरिल एंडो सर्जरी (एस.पी.ए.आर.सी.) के सहयोग से एस.पी.ए.आर.सी. प्रोक्टोलॉजी ऑब्ज़र्वरशिप प्रोग्राम–2026 का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बवासीर (Hemorrhoids) एवं फिशर (Fissure) जैसी प्रोक्टोलॉजी संबंधी बीमारियों के आधुनिक एवं न्यूनतम हस्तक्षेपकारी उपचारों से चिकित्सकों एवं सर्जनों को अवगत कराना तथा उनके व्यावहारिक कौशल को और अधिक सुदृढ़ बनाना था।

कार्यक्रम का शुभारम्भ पंजीकरण एवं स्वागत सत्र के साथ हुआ, जिसके पश्चात विशेषज्ञों द्वारा आधुनिक प्रोक्टोलॉजी सर्जरी की नवीनतम तकनीकों पर वैज्ञानिक व्याख्यान प्रस्तुत किए गए। शल्य चिकित्सा विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अभिनव पुरी ने मिनिमली इनवेसिव प्रोसीजर फॉर हेमोरॉयड्स (एम.आई.पी.एच.)एवं फिशर सर्जरी की आधुनिक तकनीकों पर विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए एनोरेक्टल मॉडल पर ड्राई डेमो के माध्यम से विभिन्न प्रक्रियाओं का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बवासीर के पाँच तथा फिशर के दो लाइव ऑपरेशन रहे। लाइव सर्जरी के दौरान डॉ. अभिनव पुरी ने ऑपरेशन की प्रत्येक तकनीकी प्रक्रिया, रोगी चयन, आधुनिक उपकरणों के उपयोग, संभावित जटिलताओं एवं ऑपरेशन के पश्चात रोगी की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा कीं। प्रतिभागियों ने वास्तविक समय में सर्जरी का अवलोकन करते हुए विशेषज्ञों से अपने प्रश्न पूछे तथा आधुनिक प्रोक्टोलॉजी सर्जरी के विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझा।

इसके उपरांत आयोजित केस आधारित चर्चा एवं प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने विभिन्न जटिल मामलों पर विशेषज्ञों से संवाद किया तथा अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

इस अवसर पर अस्पताल प्रशासन ने कहा कि डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं कौशल विकास को बढ़ावा देने के लिए निरंतर ऐसे वैज्ञानिक एवं प्रशिक्षण आधारित कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। इस प्रकार के ऑब्जर्वरशिप कार्यक्रम युवा सर्जनों एवं चिकित्सा विशेषज्ञों को नवीनतम शल्य चिकित्सा तकनीकों से जोड़ने के साथ-साथ मरीजों को सुरक्षित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में सुभारती एमटीवी बुद्धिस्ट चैरिटेबल ट्रस्ट के निदेशक ब्रिगेडियर डॉ. वी.पी. सिंह, गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल मेहता, डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. राहुल शुक्ला, हॉस्पिटल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अनिल मोंगिया, गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय की उप-प्राचार्य डॉ. रूपा हंसपाल तथा प्रचार-प्रसार एवं विपणन विभाग के प्रमुख डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर सहित अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य एवं रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित रहे।

ऑब्जर्वरशिप कार्यक्रम में देश के विभिन्न प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थानों से आए डॉ. विपुल सांगवान (मुज़फ्फरनगर), डॉ. हर्ष भट्ट (के.जी.एम.यू., लखनऊ), डॉ. आशना महेंद्रु (के.जी.एम.यू., लखनऊ), डॉ. अभिनव बिष्ट (हल्द्वानी) तथा डॉ. अनमोल ग्रोवर (भटिंडा) सहित अनेक सर्जनों एवं चिकित्सकों ने सहभागिता करते हुए लाइव सर्जरी, वैज्ञानिक व्याख्यानों एवं केस आधारित चर्चाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम में मेरिल एंडो सर्जरी की ओर से मार्केटिंग मैनेजर श्री आकाश भट्ट (मुंबई), रीजनल सेल्स मैनेजर श्री नीरज रावत (देहरादून), एरिया सेल्स मैनेजर श्री पंकज पंत (देहरादून) तथा टेरिटरी सेल्स मैनेजर श्री सुखदेव सिंह रावत (देहरादून) भी उपस्थित रहे। उन्होंने आधुनिक प्रोक्टोलॉजी सर्जरी में प्रयुक्त नवीन तकनीकों एवं उपकरणों के संबंध में प्रतिभागियों को उपयोगी जानकारी प्रदान की।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी चिकित्सकों एवं प्रतिभागियों ने आयोजन की उत्कृष्ट व्यवस्थाओं, वैज्ञानिक गुणवत्ता, लाइव सर्जरी के सफल संचालन एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण की सराहना करते हुए इसे प्रोक्टोलॉजी के क्षेत्र में अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक पहल बताया। प्रतिभागियों ने भविष्य में भी इस प्रकार के उन्नत प्रशिक्षण कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *