ब्रेकिंग न्यूज़

*यात्रिक शेड में खड़ी पांच मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी रहस्यमय परिस्थितियों में आग की चपेट में*

विकासनगर

उत्तराखंड के देहरादून जनपद से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। चकराता–लाखामंडल मार्ग पर स्थित ग्राम पंचायत बिरपा के धारकोट कांडीधार, क्वांसी सांगवाधार के समीप बने यात्रिक शेड में खड़ी पांच मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी रहस्यमय परिस्थितियों में आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात चकराता–लाखामंडल मार्ग पर ग्राम पंचायत बिरपा के धारकोट कांडीधार, क्वांसी सांगवाधार के नजदीक यात्रिक शेड में खड़े दोपहिया वाहनों में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां खड़ी पांच बाइक तथा एक स्कूटी पूरी तरह जलकर राख हो गई। स्थानीय लोगों ने आग की लपटें देख तत्काल पुलिस और संबंधित विभाग को सूचना दी। हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक सभी वाहन पूरी तरह नष्ट हो चुके थे। प्रारंभिक तौर पर स्थानीय लोगों द्वारा अज्ञात व्यक्ति के आग लगाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अभी सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। फिलहाल राजस्व पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। आग लगने की असली वजह क्या थी और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है, इसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। इस घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *